डिमांड पर बाइक चुराने वाली गैंग गिरफ्त में:खरीदार भी पकड़ाए, 17 गाड़ियां बरामद, इनमें 2 खुली हुई थीं; सभी आरोपी बेटमा के

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

संयोगितागंज पुलिस ने बाइक चुराने और खरीदने वाले गिरोह के 4 बदमाशों को पकड़ा है। ये सभी बेटमा क्षेत्र के हैं। इनसे शहर के विभिन्न हिस्सों से चुराई गईं 15 बाइक और दो खुली बाइक जब्त की हैं। टीआई सतीश पटेल के अनुसार पकड़ाए आरोपी दीपक (19) पिता राजा चौहान, मोहित (20) पिता मोहन भूरिया दोनों निवासी ग्रिड रोड छात्रावास के पास बेटमा, मोहम्मद शफीक उर्फ भय्यू पिता मुश्ताक अहमद (45) निवासी आवास काॅलोनी बेटमा और अजय (19) पिता शिवराम राठौर निवासी ग्राम शंकरपुरा बेटमा हैं। इनका साथी कृष्णासिंह ठाकुर उर्फ गट्टू निवासी ग्रीड रोड बेटमा फरार है।
खरीदार कंपनी के नाम से करते थे डिमांड
दीपक ने कबूला वह चोरी की बाइकें मोहम्मद शफीक और अजय को बेच देता था। ये दोनों दीपक को किस कंपनी की बाइक चाहिए, बताते थे। फिर उसी कंपनी की बाइक चुरा लेते थे।
दीपक से 9, मोहित से 4, मोहम्मद शफीक से 2 (इसमें से पार्ट्स स्क्रैब कर दिया) और अजय से 2 बाइकें (इसमें से एक के पार्ट्स अन्य वाहन में लगाकर बेचा गया) बरामद की हैं। मोहम्मद शफीक और अजय गाड़ियां रिपेयर करते हैं। ये चोरों से सस्ते दाम में खरीदकर उनके पार्ट्स दूसरे वाहनों में लगा देते थे। गैंग ने पीथमपुर और भंवरकुआ इलाके में कबाड़ियों को भी गाड़ी बेचने की बात कबूली।
संयोगितागंज क्षेत्र में ही 11 महीने में 153 बाइक चोरी
अफसरों ने बताया शहर में सबसे ज्यादा वाहन चोरी लसूड़िया, विजय नगर, भंवरकुआं, संयोगितागंज क्षेत्र में हुईं। संयोगितागंज में 11 महीने में 153 बाइक चोरी के केस दर्ज हुए। इस थाना क्षेत्र में सबसे ज्यादा वाहन चोरी दवा बाजार, चिड़ियाघर, नौलखा, गुरुवारिया हाट, एमवायएच से हो रही थी। इसके लिए पुलिस की एक टीम लगाई गई।

Exit mobile version