गुरुवार को हुआ था महिला के पैर का आपरेशन, अस्पताल प्रबंधन का कहना- महिला की मौत संभवतः हार्ट अटैक से हुई।
इंदौर। शहर के निजी अस्पताल में गुरुवार को एक महिला की मौत के बाद समाजजनों ने हंगामा किया। आरोप लगाया कि आपरेशन के बाद महिला को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी, इसके बाद उन्होंने आक्सीजन मांगा था, लेकिन नहीं दिया गया, जिससे मौत हुई है। हालांकि अस्पताल प्रबंधन मौत का कारण हार्ट अटैक आने की आशंका बता रहा है। स्वजन पोस्टमार्टम के लिए शव को एमवाय अस्पताल लेकर गए है, जिसकी रिपोर्ट के बाद ही कारण स्पष्ट हो पाएगा। स्वजन संतोष यादव ने बताया कि भारती यादव (50) को दो अप्रैल को अरबिंदो अस्पताल में भर्ती किया गया था। उनके पैर में चोट आई थी, जिसका आपरेशन किया जाना था। गुरुवार को आपरेशन हुआ। सुबह 11 से शाम चार बजे तक आपरेशन चला। इसके बाद उन्हें बाहर लाते समय आक्सीजन की कमी लगी। वे आक्सीजन देने के लिए कहती रही, लेकिन नहीं दिया गया। लिफ्ट में जाने के दौरान उनकी मौत हो गई, जबकि महिला की आपरेशन के पहले और बाद की सभी रिपोर्ट सामान्य है।
अस्पताल प्रबंधन ने जताई हार्ट अटैक की आशंका
स्वजन ने कहा कि हमें अस्पताल पर भरौसा नहीं है, लेकिन हम एमवाय अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाएंगे। वहीं अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि मरीज की रिपोर्ट सामान्य थी। उन्हें वार्ड में शिफ्ट करने के लिए ले जा रहे थे। तभी उनकी तबीयत बिगड़ी। संभवत: हार्ट अटैक आया होगा, जिससे उनकी मौत हुई है। मामले में एरोड्रम पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
