स्कीम-94 में सांप्रदायिक विवाद की सूचना पर बल तैनात करना पड़ा। पत्थर लगने से एक महिला के घायल होने की खबर।
इंदौर। आजाद नगर थाना क्षेत्र में बुधवार को वर्ग विशेष के युवकों ने सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया। रात में आरती रोकने का दबाव बनाया और सुबह पथराव कर डाला। संवेदनशील क्षेत्र में दो समुदायों के बीच विवाद की सूचना से पुलिस सकते में आ गई। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
घटना की शुरुआत रात करीब 8 बजे उस वक्त हुई जब हिंदू युवा आइडीए मल्टी परिसर में शिव मंदिर में मूर्ति स्थापना कर आरती कर रहे थे। मल्टी के समीप ही फिरदौस नगर में रहने वाले मुस्लिम युवक गुस्से में आए और कहा कि आरती रोके। ईद का अवसर है और अजान का वक्त हो गया है। दोनों तरफ से तनातनी हो गई। सूचना मिलने पर आजाद नगर थाने से बल पहुंचा और स्थिति संभाली।
सुबह दोनों पक्ष फिर हुए आमने-सामने
रात को मामला शांत हो गया, लेकिन सुबह पुन: दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। आरोप लगाया गया कि मुस्लिम युवकों ने मंदिर की तरफ पत्थर फेंके हैं। एक महिला पत्थर लगने से घायल भी हो गई। टीआइ नीरज मेढ़ा के मुताबिक, पुलिस ने घटना स्थल पर बल तैनात कर दिया।
