इंदौर के आश्रम में डकैती डालने के बाद साइकिल से भागे थे बदमाश, पुलिस को मिले नए सुराग

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर शहर के करीब अलवासा और नागपुर के आश्रम में डकैती की वारदात में पुलिस को नए सुराग मिले हैं। पुलिस ने इस मामले में आस-पास के सीसीटीवी फुटेज देखे, तो उसमें बदमाश साइकिल पर जाते हुए नजर आए। डकैती की दोनों घटनाओं में पारदी गैंग के होने की बात सामने आ रही है।

इंदौर के आश्रम में महंत को बंधक बनाकर लूुटे थे रुपये।
उज्जैन के चिंतामण से नानाखेड़ा तक साइकिल से आए।
इसके बाद उन्होंने साइकिल लेडिंग वाहन में रख ली थी।

इंदौर। अलवासा और नागपुर के आश्रमों में हुई डकैती में उत्तर प्रदेश के पारदी गैंग का हाथ सामने आ रहा है। पुलिस मोबाइल लोकेशन के आधार पर मंदसौर में छापेमार कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी निकाल लिए हैं। बदमाश साइकिल से उज्जैन की तरफ भागे थे। बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम अलवासा में श्री मां वैष्णो धाम शक्तिपीठ संत सेवा आश्रम में डकैती हुई थी। बदमाशों ने महंत कमल दास, सेवादार महेश दास पर हमला किया और बंधक बनाकर 80 हजार रुपये और सोने का कुंडल लूट लिए।

सीसीटीवी फुटेज में साइकिल पर दिखे
इसी गैंग ने दूसरे दिन 20 किमी दूर स्थित सांवेर थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम नागपुर के आश्रम में महंत अमृतगिरी बापू को बंधक बनाया और रुपये लूट लिए। दोनों थानों की पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो बदमाश कस्बे से साइकिल से भागते हुए दिखे। पुलिस ने कड़ियां जोड़ी तो ग्राम चिंतामण (उज्जैन) से नानाखेड़ा तक साइकिल से जाते नजर आए। इसके बाद साइकिल लोडिंग वाहन में रख ली। गुरुवार को पुलिस को खबर मिली कि डकैती में उप्र के पारदी गैंग का हाथ है जो टेंट लगाकर ग्रामीण क्षेत्रों में रुकते हैं। इस गैंग के सदस्यों को मंदसौर की तरफ देखा गया है। पुलिस अब मंदसौर, जावरा, रतलाम क्षेत्र में छानबीन कर रही है।

- Advertisement -
Exit mobile version