शहर के दो चौराहों पर बदहाल सड़क और ट्रैफिक जाम में फंस रही जनता को राहत मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव फूटी कोठी ब्रिज का विधिवत शुभारंभ करेंगे। फूटी कोठी से ही खजराना ब्रिज की एक लेन का शुभारंभ वर्चुअल किया जाएगा।
दरअसल, मुख्यमंत्री शनिवार को शहर में एक कार्यक्रम में शिरकत करने आ रहे हैं। इंदौर विकास प्राधिकरण ने सीएम से ब्रिज का शुभारंभ करवाने के लिए निमंत्रण भेजा है। निमंत्रण भेजने के साथ ही आईडीए के इंजीनियर शुक्रवार को दोनों स्थानों पर तैयारी करने में जुट गए। खजराना ब्रिज की एक लेन सवा महीने से तैयार है। रोजाना शाम के वक्त ब्रिज की लाइट भी चालू की जाती है, लेकिन उद्घाटन नहीं होने की वजह से इसे शुरू नहीं किया गया।
लेट शुरू, सबसे पहले बना
भंवरकुआं, खजराना, लवकुश के मुकाबले फूटी कोठी ब्रिज का काम सबसे लेट शुरू हुआ था। दरअसल, इस ब्रिज के फाउंडेशन पथरीली जमीन होने के कारण तीनों चौराहे के मुकाबले जल्दी तैयार हो गए थे। वहीं इस ब्रिज के लिए पेड़ों की कटाई भी नहीं करना पड़ी। वहीं धर्मस्थल के रूप में किसी तरह की बाधा भी नहीं थी, जिसकी वजह से काम रोकना पड़ा हो।
खजराना, भंवरकुआं और लवकुश चौराहा ब्रिज के लिए धर्मस्थल की जगह नहीं मिलने के कारण 3 से 4 महीने तक काम बहुत ही धीमी गति से करना पड़ा। वहीं स्टील, सीमेंट के गर्डर भी लॉन्च नहीं हो पाए थे।
