सिमरोल:टनल ब्लास्टिंग में घरों पर गिरे पत्थर, आक्रोशित भीड़ ने की तोड़फोड़

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर-खंडवा सड़क निर्माण के दौरान की गई ब्लास्टिंग में शुक्रवार दोपहर सवा 3 बजे मिसफायर हो गया। साइट के पास तलई नाका गांव के रहवासियों के घरों पर एक से डेढ़ किलो वजनी पत्थर गिरे। एक घर की टिन की चद्दर टूट गई और दूसरे घर में छत पर रखा ड्रम टूट गया।
अचानक भारी पत्थरों की बारिश से गुस्साए लोग निर्माण एजेंसी के ऑफिस पहुंचे और तोड़फोड़ करने लगे। 30 से 40 आक्रोशित ग्रामीण जबरदस्ती ऑफिस में घुसे और वहां उपस्थित एचआर मैनेजर को पीट दिया। सिमरोल पुलिस ने ग्रामीणों को हटाया और घायल मैनेजर धीरज कुमार को अस्पताल भेजा। ग्रामीणों का कहना है कि इन पत्थरों से लोगों की मौत भी हो सकती थी।
डीएसपी हेड क्वार्टर ग्रामीण उमाकांत चौधरी ने कहा, ब्लास्टिंग में लोगों का नुकसान तो हुआ है, लेकिन निर्माण एजेंसी के कर्मचारी को पीटने के मामले में कार्रवाई होगी।
निर्माण एजेंसी, अफसरों ने मांगी सुरक्षा
इंदौर-खंडवा रोड निर्माण में सिमरोल के पास तलई नाके पर पहली सुरंग की एप्रोच रोड का काम चल रहा है। इसी के लिए ब्लास्टिंग की जा रही है। कंपनी को जनवरी 2025 तक प्रोजेक्ट पूरा करना है। निर्माण एजेंसी और एनएचएआई के अधिकारियों ने घटना के बाद पुलिस से ऑफिस में अतिरिक्त सुरक्षा की मांग की है। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर सुमेश बांझल ने कहा कि पहले भी ग्रामीणों द्वारा 3-4 बार मारपीट की जा चुकी है। प्रोजेक्ट तो जारी रखना ही होगा।

Exit mobile version