आईटीआई स्टूडेंट से छेड़छाड़:रास्ते में रोककर हाथ पकड़ा, धमकी दी

By Abhishek Raghuvanshi
1 Min Read

इंदौर के चंदन नगर में आईटीआई स्टूडेंट के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। परिचित युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ कर धमकी दी। चंदन नगर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक छात्रा की शिकायत पर शेखर नीमा और उसके साथी पर केस दर्ज किया गया है। छात्रा ने बताया कि शेखर उसकी कॉलोनी में रिश्तेदारों और दोस्तों से मिलने आता है। एक साल पहले वह कॉलोनी में ही किराये के घर में रहता था। इसलिये उसे जानती है। डेढ़ माह से लगातार वह उसका पीछा कर बात करने की कोशिश कर रहा था।
5 जून की दोपहर जब छात्रा अपनी सहेली के पार्लर पर जाने के लिये निकली तो शेखर रास्ते में मिला। पीछा कर कहने लगा कि वह उसे पसंद करता है। बात करने से इनकार करने पर बदनाम करने की धमकी दी।पार्लर जाकर छात्रा ने अपनी सहेली को पूरी बात बताई।
परिवार के लोग बाहर निकलना बंद नहीं कर दें, इसलिये चुप रही। 15 जून को शेखर अपने दोस्त के साथ चंदन नगर में मिला। शेखर के दोस्त ने उसका हाथ पकड़ा तो छात्रा ने शोर मचाया। घर आकर परिवार को पूरी घटना बताई। जिसके बाद थाने आकर केस दर्ज कराया।

Exit mobile version