अधूरे मार्ग और शहर से दूरी के कारण शुरू नहीं हो सका इंदौर का नायता मुंडला बस स्टैंड

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read
  • विरोध की वजह से नौलखा और तीन इमली की बसें नहीं हो सकीं स्थानांतरित।
  • नायता मुंडला बस स्टैंड की शुरुआत 16 फरवरी से होनी थी।
  • शुरुआत में नौलखा और तीन इमली बस स्टैंड की बसों को यहां स्थानांतरित किया जाना था।
  • अधूरे पहुंच मार्ग और शहर से दूरी की वजह से प्रशासन भी अब तक नायता मुंडला बस स्टैंड को शुरू नहीं करा पाया।

नायता मुंडला बस स्टैंड की शुरुआत 16 फरवरी से होनी थी। शुरुआत में नौलखा और तीन इमली बस स्टैंड की बसों को यहां स्थानांतरित किया जाना था। इसे लेकर बस आपरेटर विरोध कर रहे हैं। अधूरे पहुंच मार्ग और शहर से दूरी की वजह से प्रशासन भी अब तक नायता मुंडला बस स्टैंड को शुरू नहीं करा पाया।

इंदौर विकास प्राधिकरण (आइडीए) द्वारा करोड़ों की लागत से नायता मुंडला में बस स्टैंड का निर्माण किया गया है। तीन माह से बस स्टैंड पूरी तरह से तैयार है। इसके बाद भी अब तक यहां से बसों का संचालन शुरू नहीं हो पाया। प्रशासन ने तीन इमली और नौलखा बस स्टैंड की बसों को यहां से चलाने की योजना तैयार की थी। बस आपरेटरों से कई दौर की चर्चा के बाद भी आपसी सहमति नहीं बन पाई। बस संचालकों का कहना था कि यात्रियों के आने-जाने के लिए लोकल साधनों की उचित व्यवस्था नहीं है। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से आने पर यात्रियों को 250 से 300 रुपये आटो किराया चुकाना पड़ता।

कोर्ट पहुंच गए आपरेटर
नौलखा और तीन इमली बस स्टैंड के बस आपरेटर नायता मुंडला बसों को स्थानांतरित करने को लेकर कोर्ट पहुंच गए। कोर्ट में प्रकरण होने से प्रशासन ने भी स्थानांतरण की कवायद को रोक दिया। प्रशासनिक अधिकारी अब अप्रोच रोड सुधारने और लोक परिवहन वाहनों की सुविधा जुटाने के बाद बसों को स्थानांतरित करने की बात कह रहे हैं।

लोकसभा चुनाव के बाद होगा निर्णय
सूत्रों का कहना है कि मार्च के पहले या दूसरे सप्ताह में लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होना है। ऐसे में बस स्टैंड के संचालन का निर्णय लोकसभा चुनाव के बाद हो सकता है। इस दौरान एमआर-10 स्थित आइएसबीटी का निर्माण भी पूरा हो जाएगा। प्रशासन दोनों बस स्टैंड को एक साथ शुरू करेगा, ताकि एक साथ सभी बसों को दोनों बस स्टैंड पर स्थानांतरित किया जा सके।

- Advertisement -

अंतरराज्जीय बसों भी होगाी स्थानांतरित
शहर के विभिन्न हिस्सों से संचालित होने वाली अंतरराज्जीय बसों को भी दोनों बस स्टैंड पर स्थानांतरित किया जाएगा। महाराष्ट्र और गुजरात क्षेत्र की बसें नायता मुंडला और राजस्थान, दिल्ली क्षेत्र की बसें एमआर-10 स्थित बस स्टैंड से चलेगी। सरवटे और तीन इमली बस स्टैंड से उपनगरीय बसों का संचालन होगा।

Exit mobile version