झाबुआ जिले में बच्चे की चाहत में महिला ने झाड़ फूंक और तांत्रिक विद्या का सहारा लिया, महिला की चाहत तो पूरी नहीं हुई,महिला को जान जरूर गंवाना पड़ी ।
मामला राणापुर थाने का नागलवाट बडी गांव का है, जहां मजिला डामोर नाम की महिला को संतान नही हो रही थी, काफी इलाज करवाने बाद भी जब कोई आस नहीं दिखी तो महिला और उसका पति उसे झाड़ फूंक और तांत्रिक विद्या वाली महिला के पास ले गए जो खुद को देवी अंश आने का दावा करती है।
इस आस्था और अंधविश्वास के खेल में महिला को अपनी जान गंवाना पड़ी। मजिला डामोर को उसके परिजन भूरीमाटी गांव की महिला तांत्रिक के पास सुनी गोद भरवाने ले गए। जहां महिला ने कहा कि हवा और प्रेत बाधा है, दूर करना पडेगी।
प्रेत बाधा दूर करने के लिए तांत्रिक महिला ने मजिता को लोहे की जंजीर से पीटना शुरू कर दिया। इतना पीटा कि महिला बेदम हो गई। जब तीन घंटे बाद भी महिला बेसुध पड़ी रही,तब महिला तांत्रिक ने डॉक्टर के पास ले जाने की सलाह दी। परिजन महिला को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
संतान की चाह में महिला को अपनी जान गंवाना पड़ी, मामला पुलिस के पास पहुंचा, राणापुर थाना पुलिस ने अलग अलग धाराओं में तांत्रिक महिला को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया।
