काले हिरण के शिकार की आशंका:इज्तिमा से लौट रहे 3 लोगों की कार से मिला 60 किलो मांस

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

भोपाल इज्तिमा में शामिल होकर मुंबई लौट रहे तीन लोगों की कार से 60 किलो मांस जब्त किया गया है। मांस काले हिरण के होने की आशंका है। वन विभाग के अफसरों का कहना है मांस के सैंपल जबलपुर व हैदराबाद की लैब में भेजे जाएंगे। मुखबिर की सूचना पर मंगलवार तड़के वन विभाग, क्राइम ब्रांच व किशनगंज पुलिस ने संयुक्त रूप से राऊ-खलघाट फोरलेन पर पीथमपुर चौपाटी के पास नाकेबंदी की थी। इसी दौरान कार एमएच 02ईपी4223 की तलाशी में प्लास्टिक की थैलियों में मांस भरा मिला। कार में मुंबई निवासी जौहर हुसैन, सलमान पियाजी व इम्तियाज खान बैठे थे। तीनों इज्तिमा से लौट रहे थे। वन विभाग के एसडीओ कैलाश जोशी बोले- प्रारंभिक पूछताछ में कार सवारों ने बताया कि मांस लटेरी के किसी व्यक्ति से खरीदा था।
शक इसलिए- एक पैकेट पर लिखा था काली हड्‌डी
हर पैकेट पर एक व्यक्ति का नाम लिखा था। एक पैकेट पर काली हड्डी लिखा था। इसी में काले हिरण का मांस होने की आशंका है। कार सवारों ने बताया कि लटेरी में उन्हें एक व्यक्ति मिला। उसने मांस खरीदने का ऑफर दिया। उसने यह नहीं बताया कि मांस किस जानवर का है, पर ताजा था तो हमने खरीद लिया।

TAGGED:
Exit mobile version