संजय सिंह के बाद क्या केजरीवाल-सिसोदिया की जमानत का रास्ता होगा साफ? SC की इस टिप्पणी में छुपा है जवाब

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

एक तरफ अरविंद केजरीवाल तिहाड़ जेल नंबर दो में बंद हैं तो वहीं दूसरी तरफ 181 दिन बाद संजय सिंह जेल नंबर पांच से जमानत मिलने पर बाहर आ सकेंगे. शराब घोटाले के इस मामले में अब जब तक निचली अदालत में ट्रायल चलेगा, तब तक संजय सिंह बेल पर बाहर रहेंगे और उन्हें सिर्फ कोर्ट की सुनवाई के दौरान अदालत में पेश होना होगा. सुप्रीम कोर्ट में संजय सिंह की जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान ईडी ने आपत्ति नहीं जताई. इसके बाद जस्टिस संजीव खन्ना की अध्यक्षता वाली तीन जजों की बेंच ने अपना फैसला सुनाया. 

संजय सिंह की जमानत की शर्तें ट्रायल कोर्ट द्वारा तय की जाएंगी. संजय सिंह को जमानत तो मिल गई लेकिन मंगलवार को वह बाहर नहीं आ सके. संजय सिंह को लीवर में कुछ शिकायत थी, जिसके लिए डॉक्टरों ने कुछ जांच करने के कहा है, इसलिए वह अस्पताल में हैं. डॉक्टर जब अस्पताल से जाने की इजाजत देंगे तब संजय सिंह तिहाड़ जेल वापस जाएंगे. सुप्रीम कोर्ट का लिखित आदेश आ गया है. इसमें सुप्रीम कोर्ट ने साफ किया है कि हमने ED की ओर से दायर केस की मेरिट पर अपनी कोई राय व्यक्त नहीं की है. ED की ओर से ASG एसवी राजू ने बयान दिया है कि संजय सिंह को अगर ज़मानत दी जाती है तो उन्हें कोई ऐतराज नहीं है. इसके मद्देनजर संजय सिंह को जमानत दी जा रही है.

कोर्ट ने साफ किया है कि संजय सिंह को मिली राहत को नजीर की तरह ना समझा जाए. ये वाक्य लिखने का सीधा और साफ मतलब यही है कि इस आदेश के आधार पर दूसरा आरोपी ऐसी ही राहत का दावा नहीं कर सकता. संजय सिंह के वकील ने कोर्ट को आश्वस्त किया कि वो इस केस में अपनी भूमिका को लेकर जमानत पर रहने के दौरान कोई टिप्पणी नहीं करेंगे.

उधर, संजय सिंह का बेल ऑर्डर भी मंगलवार शाम तक तिहाड़ जेल नहीं पहुंचा था. अब सवाल उठता है कि क्या संजय सिंह की जमानत से केजरीवाल और सिसोदिया को भी राहत मिलेगी?

- Advertisement -

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने कहा है कि संजय सिंह को दी गई जमानत को ‘नजीर’ के तौर पर नहीं लिया जाएगा. इसका आशय हुआ कि इस जमानत आदेश से अरविंद केजरीवाल समेत जेल में बंद अन्य आप नेताओं को ज्यादा राहत नहीं मिलने वाली है. पीठ ने इससे पहले सुबह के सत्र में राजू से इस बारे में निर्देश प्राप्त करने को कहा था कि क्या ईडी को सिंह की और हिरासत की जरूरत है. इसके बाद उन्होंने संजय सिंह की जमानत का विरोध भी नहीं किया. लोकसभा चुनाव से पहले संजय सिंह तो बाहर आ जाएंगे लेकिन केजरीवाल और सिसोदिया को लेकर सस्पेंस अब भी बरकरार है. 

Exit mobile version