
पर्यटन स्थल पातालपानी में शनिवार दोपहर घूमने गए स्कूली छात्रों व युवक-युवती से बदमाशों ने चाकू की नोक पर मोबाइल छीन लिए। बदमाशों ने स्कूली छात्रों को चाकू अड़ाकर कहा- मोबाइल का पासवर्ड बताओ नहीं तो सीधे ऊपर का टिकट काट देंगे। घटना दोपहर 12.30 बजे पातालपानी रेलवे ट्रैक स्थित बोगदे के समीप हुई। छात्र मध्यम सिंह सोलंकी, उत्तम सिंह, रोहित कुमारिया, लविश मुकाती, बंटी व रोहित कोहली पातालपानी घूमने गए थे। इस दौरान झरने को देखने के साथ ही यह सभी छात्र रेलवे ट्रैक पर घूमते हुए बोगदे के समीप पहुंचे। इस दौरान कुछ बदमाश आए व चाकू अड़ाकर उनसे तीन मोबाइल व करीब एक हजार रु नकद लूट लिए। बदमाशों ने मोबाइल लूटने के बाद उसका पासवर्ड भी मांगा और कहा कि अगर पासवर्ड नहीं दिया तो सीधे तुम्हारा ऊपर का टिकट काट देंगे।
