इंदौर में तस्कर को शराब ठेकेदार और गुंडों ने अपहरण कर कार में पीटा

By Abhishek Raghuvanshi
1 Min Read
  • पीड़ित की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपितों को पकड़ा, एसीपी कोर्ट ने दी जमानत।

इंदौर। शराब तस्करी के एक आरोपित को शराब ठेकेदार और उसके गुंडों ने अगवा कर लिया। गाड़ी में ही उसकी पिटाई की और छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि चारों की एसीपी कोर्ट से जमानत भी हो गई। जूनी इंदौर टीआइ शैलेंद्रसिंह जादौन के मुताबिक, घटना बुधवार रात खातीवाला टैंक की है। शराब ठेकेदार ऋषि बग्गा और उसके साथी हेमंत शर्मा उर्फ गोटिया को जबरदस्ती उठा कर ले गए। थोड़ी देर बाद गोटिया की पत्नी मौसमी थाने पहुंची और अपहरण की सूचना दी। पुलिस के नाकाबंदी करते ही आरोपितों ने गोटिया को भंवरकुआं थाने में छोड़ दिया। रात में पुलिस ने मौसमी की शिकायत पर बग्गा सहित अन्य पर केस दर्ज कर लिया।

धारा 151 में की कार्रवाई
गुरुवार सुबह आरोपित ऋषि बग्गा, समर्थसिंह चौहान, लोकेंद्रसिंह और विवेक जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। टीआइ के मुताबिक, पुलिस ने धारा 151 के तहत कार्रवाई कर चारों को एसीपी देवेंद्रसिंह धुर्वे की कोर्ट में पेश किया, लेकिन जमानत मिल गई।

Exit mobile version