नई दिल्ली: गुजरात में ड्रग्स की बड़ी खेप पकड़ी गई है. भारतीय नौसेना और स्वापक नियंत्रण ब्यूरो ने एक संयुक्त अभियान में गुजरात तट के पास से एक ईरानी नौका से पांच विदेशियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 3,300 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया है. एनसीबी ने बुधवार को यह जानकारी दी. भारतीय नौसेना, गुजरात आतंकवाद रोधी दस्ते और एनसीबी का यह संयुक्त अभियान अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा से सटे अरब सागर में चलाया गया था. जब्त की गयी खेप में चरस, मेथामफेटामाइन और मॉर्फिन शामिल है, जो भारत में प्रतिबंधित हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि जब्त किये गये मादक पदार्थों में 3,089 किलोग्राम चरस, 158 किलोग्राम ‘मेथामफेटामाइन’ और 25 किलोग्राम ‘मॉर्फिन’ शामिल हैं. उन्होंने बताया कि नौसेना ने चालक दल के सदस्यों को मंगलवार को पकड़ा गया, जिन्हें कानून प्रवर्तन एजेंसियों को सौंप दिया गया.
