न्यूयॉर्क में तेज बारिश, तूफान से आई बाढ़:ब्रुकलिन में 3 घंटे में हुई 1 महीने की बारिश, केनेडी एयरपोर्ट पर 75 साल का रिकॉर्ड टूटा

By Abhishek Raghuvanshi
5 Min Read
ब्रुकलिन में तेज बारिश और तूफान की वजह से बाढ़ जैसे हालात बन गए।

अमेरिका के न्यूयॉर्क में शुक्रवार को भारी बारिश के साथ तूफान आया। इससे सड़कों, हाईवे और लोगों के घरों में पानी भर गया। न्यूयॉर्क शहर में शुक्रवार को 3-6 इंच बारिश हुई। यहां के जॉन एफ कैनेडी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार दोपहर तक एक दिन में करीब 8 इंच बारिश हुई। 1948 के बाद ये क्षेत्र में हुई अब तक की सबसे ज्यादा बारिश है।

वहीं ब्रुकलिन में 3 दिन के अंदर ही 1 महीने की बारिश हो गई। इसके चलते लोग कार और घरों में फंस गए। इन्हें दमकल की टीम और बाकी सुरक्षाकर्मियों ने रेस्क्यू किया। लागार्डिया एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स डिले करनी पड़ीं। वहीं, कुछ हिस्सों में मेट्रो की सर्विस बंद हो गई।

हालात को देखते हुए न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने इमरजेंसी का ऐलान कर दिया। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा कि रातभर में कुछ इलाकों में 5 इंच (13 सेंटीमीटर) तक बारिश हुई। वहीं, पूरे दिन में 7 इंच (18 सेंटीमीटर) से ज्यादा बारिश होने की आशंका है।

फुटेज में एक बचावकर्मी पानी में फंसी कार से एक शख्स को बचाता नजर आ रहा है।

न्यूयॉर्क के अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश का हाल

- Advertisement -
  • ब्रुकलिन- नेशनल वेदर सर्विस डेटा के मुताबिक, यहां 3 घंटे में 4.5 इंच बारिश हुई। ऐसा ब्रुकलिन में 100 साल में एक बार होता है।
  • मैनहैट्टन- सेंट्रल पार्क में एक घंटे में 2 इंच बारिश हुई। ये पिछले 80 सालों में एक घंटे में हुई दूसरी सबसे ज्यादा बारिश है। यहां अब तक कुल 5 इंच बारिश हुई है।
  • क्वीन्स- केनेडी एयरपोर्ट पर अब तक की सबसे ज्यादा बारिश हुई। गुरुवार रात से शुक्रवार दोपहर के बीच कुल 7.88 इंच बारिश हुई।

अगले 20 घंटे सावधान रहने की जरूरत
न्यूयॉर्क के गवर्नर ने कहा कि यह एक खतरनाक और जानलेवा तूफान है। हमें अगले 20 घंटे सावधान रहने की जरूरत है। सभी लोग घर पर ही रहें। अगर किसी काम से घर से बाहर निकलना पड़े तो मौसम का अपडेट जरूर ले लें।

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, न्यूयॉर्क में बारिश कम हो गई है, लेकिन बाढ़ का खतरा अभी भी बना हुआ है। अधिकारियों ने लोगों से सावधानी बरतने का आग्रह किया है।

तस्वीरों में देखिए बारिश के बाद के हालात…

शुक्रवार को ब्रुकलिन में सड़क पर भरे पानी में से गुजरती कारें।
बारिश के चलते लोग अपने घरों पर जरूरी सामान लेकर रख रहे हैं।
सड़कों में पानी कार भरने की वजह से कारों में फंसे लोगों की मदद करते दमकलकर्मी।
तेज बारिश और तूफान की वजह से कई दुकानों का सामान बहकर बाहर आ गया।
बारिश की वजह से लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ब्रुकलिन में सबवे बंद होने की वजह से बस स्टेशन पर भारी संख्या में लोग इंतजार करते नजर आए।

लोगों को ऊपरी मंजिलों पर रहने को कहा गया
अधिकारियों ने बताया कि न्यूयॉर्क शहर और आसपास के क्षेत्र में भारी बारिश हुई, जिससे अचानक बाढ़ जैसे हालात बन गए। जिन इलाकों में पानी भरा है, वहां लोगों को ऊपरी मंजिलों पर रहने को कहा गया है। प्रभावित इलाकों वाले स्कूलों में बच्चों को ऊपरी मंजिलों में शिफ्ट कर दिया गया है। मेयर एरिक एडम्स ने कहा कि हम तूफान को हल्के में नहीं ले सकते।

पानी भरने पर लोग अपना घर छोड़ रहे
18 साल के माइकल पोर्टिलो और उनके परिवार को अपनी बारिश के चलते अपना घर छोड़ना पड़ा। दरअसल, शुक्रवार को बारिश का पानी उनके घर में कमर तक भर गया। ऐसे में उन्होंने कुछ कपड़े और खाना लेकर घर छोड़ दिया। वो कहते हैं कि हमें नहीं पता कि हम कहां जाएंगे।

न्यूज एजेंसी AP के मुताबिक, साइंटिस्ट ने बताया कि धरती का तापमान बढ़ रहा है। गर्मी से वातावरण में तूफान बन रहे हैं। जिससे ज्यादा बारिश हो रही है।

Exit mobile version