इजराइल की मुसीबत 22 साल की अहद तमीमी:16 साल की उम्र में इजराइली सैनिक को तमाचा मारा; अब बोली- हम तुम्हारा खून पी जाएंगे

By Abhishek Raghuvanshi
5 Min Read
2015 में वेस्ट बैंक में इजराइली सैनिकों से भिड़ते हुए अहद तमीमी।

5 दिसंबर 2017 की बात है, वेस्ट बैंक में इजराइली सेना के दो जवान कंधे पर बंदूक ताने खड़े थे। तभी पीछे से 2 फिलिस्तीनी लड़कियां आईं। इनमें से एक का नाम अहद तमीमी थी। अहद ने इजराइली सैनिकों पर चिल्लाया- ‘बाहर निकलो, यहां से हटो। इसके बाद भी जब इजराइली सैनिक अपनी जगह पर टिका रहा तो अहद तमीमी ने हथियारों से लैस सैनिक के गाल पर थप्पड़ जड़ दिया। इसके 3 दिन बाद अहद को गिरफ्तार कर लिया गया।

तब से अहद वेस्ट बैंक में फिलिस्तीनियों के लिए हीरो बन गई। इस घटना को 7 साल हो चुके हैं। अब इजराइल और हमास में जंग छिड़ी है और असर वेस्ट बैंक तक है। काफी समय से चुप बैठी अहद तमीमी सोशल मीडिया पर एक्टिव होने लगी है। वेस्ट बैंक में उसके काफी यंग फॉलोअर्स हैं। ऐसे में अगर वो कोई मुहिम शुरू करती हैं तो वहां हालात और बिगड़ सकते हैं।

इस स्टोरी में जानिए अहद तमीमी कौन है, कैसे 8 महीने की जेल ने उसे फिलिस्तीनियों का आइकन बना दिया।

तस्वीर 2015 की है जब अहद तमीमी ने इजराइली सैनिक के हाथ पर काट लिया था।

इजराइली सेटलर्स को वेस्ट बैंक से खदेड़ना चाहते हैं फिलिस्तीनी…

- Advertisement -

अहद तमीमी इजराइली सैनिकों से क्यों भिड़ी इसके लिए आपको 56 साल पीछे जाना होगा। 1967 की बात है, 6 दिन तक चली अरब-इजराइली जंग के बाद इजराइल ने वेस्ट बैंक पर कब्जा कर लिया था। जंग से पहले ये इलाका पूरी तरह से फिलिस्तीनियों का था। इजराइली सेना 1982 तक यहां रही। इन 15 सालों तक इस इलाके में कई यहूदी आकर बसे।

इनमें से कुछ लोग धार्मिक वजहों से बसे थे। दरअसल, यहां यहूदियों के लिए पवित्र माना जाने वाला ‘टॉम्ब ऑफ पैट्रिआर्क’ है। वहीं, कुछ लोग वेस्ट बैंक में यहूदियों का दबदबा कायम करना चाहते थे।

सरकार ने भी इन लोगों को बसाने में अहम भूमिका निभाई। लोगों को यहां जमीन खरीदने के लिए सब्सिडी दी गई। इसकी वजह से वहां पहले से रहने वाले मुस्लिम अरब और यहूदियों के बीच लड़ाईयां होने लगी। 1967 के बाद वेस्ट बैंक में बसे लोगों को सेटलर्स कहा जाता है। अमेरिकी न्यूज वेबसाइट वॉक्स के मुताबिक वेस्ट बैंक और इसके आसपास के इलाकों में 5 लाख से ज्यादा यहूदी बसे हैं। इस इलाके में यहूदियों का बसना फिलिस्तीन के अरब मुस्लिमों को नागवार है।

फिलिस्तीनियों का मानना है कि यहूदियों ने उनके देश के बाकी हिस्से पर तो कब्जा किया ही इसके बाद वेस्ट बैंक को भी नहीं छोड़ रहे हैं। इस तरह से वेस्ट बैंक में यहूदियों का बसना UN के 2 देशों के सिद्धांत के भी खिलाफ है। इसके मुताबिक वेस्ट बैंक और गाजा पर पूरी तरह से फिलिस्तीनियों की हुकूमत होनी चाहिए।

वेस्ट बैंक में फिलिस्तीनी और यहूदियों के बीच झड़पें होती रहती हैं। यहां कई इलाकों में इजराइली सैनिक तैनात हैं। फिलिस्तीनी उन पर पत्थरबाजी करते हैं। 2017 में एक पत्थरबाजी की घटना के दौरान अहद तमीमी के 15 साल के चचेरे भाई मोहम्मद तमीमी पर इजराइली सैनिकों ने गोली चला दी।

ये गोली स्टील और रबर से बनी थी, इसकी वजह से मोहम्मद कोमा में चला गया। तभी तमीमी ने भाई का बदला लेने के लिए इजराइली सैनिक को थप्पड़ मार दिया। इसके लिए अहद को 8 महीने की जेल हुई। वो जुलाई 2018 में जेल से बाहर आई थी।

इजराइल हमास जंग पर क्या बोली अहद तमीमी?
यरुशलम पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक तमीमी ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा है- यहूदियों हम तुम्हारा इंतजार कर रहे हैं। हेब्रोन से लेकर जेनिन तक हम तुम्हारा कत्लेआम करेंगे। तुम कहोगे कि हिटलर ने तुम्हारे साथ जो किया वो तो सिर्फ मजाक था। तमीमी ने लिखा- हम तुम्हारा खून पी जाएंगे। तुम्हारी खोपड़ी को खा जाएंगे।

वेस्ट बैंक में कहां तक पहुंची जंग
गाजा की तरह ही वेस्ट बैंक में भी इजराइली सेना लगभग रोज रेड कर रही है। अब तक 5 हजार से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि 110 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। 1200 से ज्यादा लोगों पर छापे मारे गए हैं। अलजजीरा के मुताबिक यहां इजराइली सेटलर्स काफी संख्या में हथियार खरीद रहे हैं। इजराइली सरकार भी इन्हें फिलिस्तीनियों से लड़ने के लिए हथियार दे रही है।

Exit mobile version