सरेराह हत्या, मामूली कहासुनी हुई, लात मारने के लिए उछला तो आरोपितों ने सीने में चाकू मारा

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

हीरानगर थाना क्षेत्र दो बदमाशों ने एक गुंडे की चाकू मारकर हत्या कर दी। मामूली कहासुनी के दौरान गुंडे ने मुख्य आरोपित को चांटा मारा था। वह दोबारा लात मारने के लिए उछल कर आया, लेकिन निशाना चूक गया और आरोपित ने सीने में चाकू घोंप दिया। पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। मुख्य आरोपित प्रथम के साथी विक्की ने चाकू लाकेट की तरह गले में लटका रखा था।

एसीपी धैर्यशील येवले के मुताबिक श्यामनगर निवासी रितेश पुत्र राजू जाधव के खिलाफ हत्या, मारपीट अड़ीबाजी के करीब 14 प्रकरण दर्ज हैं।

रविवार दोपहर वह बुआ सरला से मिलने न्यू गायत्रीनगर आया था। कालोनी में रहने वाला प्रमथ उज्जैयनी दोस्त विक्की चौहान के साथ निकल रहा था तो दोनों में विवाद हो गया।

रितेश ने प्रथम को चांटा मारकर भगा दिया। कुछ देर बाद दोनों वापस आए और विवाद हुआ। रितेश इस बार भी प्रथम को मारने दौड़ा। उसने लात मारने के लिए छलांग लगाई, लेकिन प्रथम दूर हट गया।

- Advertisement -

रितेश संभलता इसके पूर्व उसने सीने में चाकू घोंप दिया। कुछ महिलाएं बचाने दौड़ीं, लेकिन जब तक रितेश के सीने में चाकू लग चुका था। वह लड़खड़ा कर वहीं गिर गया। स्वजन उसको अस्पताल भी ले गए, लेकिन डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। टीआइ दिलीप पुरी के मुताबिक प्रथम के विरुद्ध भी कईं केस दर्ज है। मामले में उसके पिता पंकज को भी आरोपित बनाया गया है।

Exit mobile version