इंदौर में प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को सुनने मल्टीप्लेक्स में उमड़ी भीड़

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 100 वें एपिसोड पर सबसे अनूठा आयोजन इंदौर सांसद शंकर लालवानी ने करवाया। सांसद शंकर लालवानी ने मन की बात कार्यक्रम के लिए पूरा मल्टीप्लेक्स बुक कर लिया और यह हाउसफुल रहा। कार्यक्रम में पहुंचें लोगों का तिलक लगाकर एवं भगवा दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में ऐसी भीड़ उमड़ी की थिएटर के अंदर सीढ़ियों पर बैठकर भी लोगों ने प्रधानमंत्री को सुना। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों से किसान एवं ग्रामीणजन ट्रैक्टर पर पहुंचे। मल्टीप्लेक्स की पार्किंग में कारों के साथ ट्रैक्टर भी खड़े नजर आए।

समाज के सभी वर्गों के लोग हुए शामिल
सांसद शंकर लालवानी ने कहा माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कार्यक्रम मन की बात बहुत प्रेरणादायक है। यह भावना थी कि इसे इंदौर के प्रबुद्धजनों, गणमान्य नागरिकों एवं आम लोगों के साथ मिलकर सुना जाए। इस कार्यक्रम में शहर के प्रतिष्ठित डाक्टर, वकील, सीए, इंजीनियर, पूर्व सैनिक, कलाकार, एनआरआई एवं समाज के सभी वर्गों से लोग शामिल हुए हैं। मैं सभी को धन्यवाद देता हूं, यह एक अद्भुत आयोजन रहा। कार्यक्रम के आखिर में राष्ट्रगान हुआ। यहां उपस्थित लोगों ने हर-हर मोदी के नारे लगाए और मोबाइल की लाइट जलाकर प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया।

मुस्लिम महिलाओं ने भी सुना ‘मन की बात’ कार्यक्रम
इंदौर जिंसी क्षेत्र में मुस्लिम महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना। सांसद शंकर लालवानी भी यहां पहुंचे और मुस्लिम बहनों से मुलाकात की। तीन तलाक पर कानून के बाद मुस्लिम महिलाओं में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर काफी उत्साह नजर आया।

दृष्टिबाधित बच्चों ने भी प्रधानमंत्री को सुना
सांसद लालवानी के माध्यम से मध्य प्रदेश दृष्टिहीन कल्याण संघ में भी आयोजन हुआ जहां बच्चों ने मन की बात कार्यक्रम का 100वां एपिसोड सुना। सेंट्रल जेल में भी इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां बंदियों एवं कर्मचारियों ने कार्यक्रम को सुना। मध्य प्रदेश की जेल में ये अपनी तरह का पहला आयोजन था।

- Advertisement -
Exit mobile version