विरोध रैली के बाद इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारियों ने बंद रखा काम, एसीपी ने दिया सुरक्षा का भरोसा

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर में ट्रांसपोर्ट कारोबारी की हत्या के विरोध में शुक्रवार को शहर के तमाम ट्रांसपोर्ट कारोबारियों ने काम बंद रखा। लोहा मंडी क्षेत्र में सरेआम हुई हत्या से आक्रोशित ट्रांसपोर्ट कारोबारियों ने पूरे बाजार में मौन रैली निकाली। बाद में ट्रांसपोर्ट व्यापारी ज्ञापन देने पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। एसीपी ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि पुलिस गुंडों पर सख्त कार्रवाई कर रही है।मंगलवार को चाकुओं से गोदकर बदमाशों ने ट्रांसपोर्ट कारोबारी सचिन शर्मा की हत्या कर दी थी। उससे एक दिन पहले उसे धमकी दी गई थी। सचिन पहले शिकायत लेकर पुलिस के पास भी पहुंचा था, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की थी। शुक्रवार को ट्रांसपोर्ट कारोबारियों ने शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा किया। ट्रांसपोर्ट कारोबारियों की रैली के दौरान भी पुलिस बल पूरे क्षेत्र में तैनात दिखा।

नशाखोर और वसूलीबाजों से कारोबारी परेशान
ट्रांसपोर्ट कारोबारियों ने विरोध जताते हुए आरोप लगाया कि नशाखोर और वसूलीबाजों से लोहा मंडी, हाथीपाला क्षेत्र के सभी ट्रांसपोर्ट कारोबारी परेशान हैं। कमिश्नर दफ्तर पर एसीपी राजेश हिंगणकर ने ट्रांसपोर्ट कारोबारियों से ज्ञापन लिया। सुरक्षा और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई के प्रति आश्वस्त करते हुए एसीपी ने कहा कि मामले में सभी आरोपितों की पहचान कर ली गई है। एक की गिरफ्तारी हो गई है। अन्य भी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे। क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ पुलिस बदमाशों पर कड़ी कार्रवाई करेगी।

Exit mobile version