शराब दुकानों के ठेकों का नवीनीकरण होने के बाद अब इंदौर में कुछ शराब दुकानों की जगह बदल दी गई है। स्कीम नंबर 71 में एक दुकान को दूसरे जगह खोलने पर रहवासी एकजुट हो गए और उन्होंने इसका विरोध शुरू कर दिया है। रहवासियों का कहना है कि इसे हटाया जाए।स्कीम नंबर 71 सेक्टर डी के मां दुर्गा रहवासी संघ के सदस्यों ने बताया कि हमारे यहां पर प्लाट नंबर 41 पर शराब दुकान खुल गई है। इसका ठेका किसी सचिन चौहान ने लिया है। यह क्षेत्र रहवासी इलाका है। यहां पर सराफा कन्या, वैष्णव कन्या, कसेरा बाजार स्कूल निकट है, जबकि चिरायु अस्पताल और आस्था अस्पताल भी हैं। यहां पर मंदिर भी है। लोगों की लगातार आवाजाही बनी होती है। लोग बच्चों काे बसों में बैठाने के लिए यहां पर आते हैं, लेकिन यहां पर शराब दुकान खोल दी गई है।
कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन
संघ के सदस्यों ने कहा कि शराब दुकान को यहां से हटाया जाए। शुक्रवार को रहवासियों ने भाजपा नेता कृष्णमुरारी मोघे, पार्षद कमल लड्ढा और चंदन नगर थाना प्रभारी को इसके विरोध में ज्ञापन सौंपा। रहवासी शनिवार को कलेक्टर को इस संबंध में ज्ञापन देंगे। जब तक दुकान यहां से हट नहीं जाएगी, रहवासी इसका विरोध करते रहेंगे।
