लाडली बहना योजना के अंतर्गत आवेदन पत्र भरने का कार्य आज से होगा प्रारंभ

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read
  • बैंकों में लाडली बहनों के बैंक खातों को आधार से लिंक करने का कार्य अभियान चलाकर किया जाएगा-सिंगल विंडो व्यवस्था होगी लागू
  • जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न

इंदौर जिले में लाडली बहना योजना के अंतर्गत आवेदन पत्र भरने का कार्य आज 25 मार्च से प्रारंभ होगा। इंदौर जिले में लाडली बहनों के बैंक खातों को आधार से लिंक करने तथा उन्हें सक्रिय रखने के लिए अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए बैंकों में सिंगल विंडो व्यवस्था रहेगी। कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने निर्देश दिए हैं कि बैंकों में आने वाली किसी भी महिला को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। उनके बैठने, छाया, पेयजल आदि के लिए समुचित व्यवस्था रखी जाए।
कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने सभी बैंक अधिकारियों और शासकीय विभागों के अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिये हैं। उन्होंने आज यहां संपन्न जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति की बैठक में निर्देश दिये कि सभी हितग्राही तथा स्वरोजगार मूलक योजनाओं के लक्ष्य को 31 मार्च के पहले ही पूर्ण करें। लक्ष्य के अनुरूप ऋण प्रकरण स्वीकृत कर अनिवार्य रूप से ऋण वितरण हो जाये।

बैठक में कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने विभिन्न हितग्राही तथा स्वरोजगार मूलक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में अपर कलेक्टर डॉ. अभय बेडेकर, एलडीएम श्री सुनील ढाका सहित अन्य अधिकारी और बैंक मैनेजर मौजूद थे।

बैठक में बताया गया कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और स्वावलम्बी बनाये जाने के लिये लाडली बहना योजना के अंतर्गत 25 मार्च से 30 अप्रैल तक आवेदन भरे जायेंगे। योजना का लाभ अधिक से अधिक महिलाओं को मिले, इस हेतु बैंकों में खाते खोले जाए। पूर्व से खुले खातों को एक्टीव किया जाए। पात्र महिला हितग्राही के खाते आधार से लिंक किये जाये। बैंक खातों को DBT Enabled किये जाए। बैंको में योजना से संबंधित फ्लेक्स लगाया जाए। बैंक में आने वाली महिलाओं को योजना से संबंधित जानकारी देने के लिये नोडल अधिकारी को चिन्हित कर हेल्प डेस्क स्थापित किया जाए ।

बैठक में शासन की विभिन्न योजनाओं – भगवान बिरसा मुण्डा स्वरोजगार योजना, टंट्या मामा कल्याण योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना, डॉ. भीमराव अम्बेडकर आर्थिक कल्याण योजना, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, सावित्री फुले स्व-सहायता समूह योजना, पीएमएमएमई तथा प्रधानमंत्री मुद्रा योजनाओं में बैंकों द्वारा की जा रही प्रगति, लक्ष्य आदि की विस्तृत रूप से समीक्षा की गयी।

- Advertisement -
Exit mobile version