इन्दौर । शहर के पश्चिमी क्षेत्र स्थित रणजीत हनुमान मंदिर परिसर में से हरिहर उपासना के 3 दिवसीय महापर्व का शुभारंभ 30 जुलाई को सुबह शिव रूद्राभिषेक, रूद्रिका पाठ, शहर की भजन मंडलियों के सम्मान एवं संध्या को प्रख्यात भजन गायक बृजवासी बंधुओं की भजन संध्या के साथ हुआ। पहले दिन ही मंदिर परिसर में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। महापर्व में रविवार 30 जुलाई को सुबह 10 बजे से शिव रूद्राभिषेक के साथ परिसर में प्रख्यात कलाकारों द्वारा निर्मित द्वादश ज्योतिर्लिंग के दर्शन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओ ने किए । वही सोमवार, 31 जुलाई को अभिमंत्रित रूद्राक्ष का वितरण किया गया।
संस्था अखंड भारत के प्रमुख गंगा पांडेय एवं श्रीमती गरिमा पांडेय ने शिव रूद्राभिषेक और रूद्रिका पाठ में शामिल होकर काशी विश्वनाथ से आए विद्वान पंडितों के निर्देशन में इस महापर्व का शुभारंभ किया। भक्तों की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में सुंदर और व्यवस्थित डोम बनाया गया है। पहले दिन शहर की लगभग 40 भजन मंडलियों से जुड़े गायकों और अन्य कलाकारों को मंच पर आमंत्रित कर उनका सम्मान भी किया गया। इस मौके पर गंगा पाण्डे व गरिमा पाण्डे द्वारा मातृ शक्तियों के चरण वंदन व पाद पूजन करते हुए साड़ियां एवं अन्य उपहार भी भेंट किए गए। सुबह से देर शाम तक इस आयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई। व 1 अगस्त को राम नाम लेखन के लिए भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु रंजीत हनुमान मंदिर पहुंचे
