महिला थाने में शिकायत करने पहुंची उससे पहले पकड़ में आ गए मंगलसूत्र लुटेरे

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

बाइक दौड़ा रहे थे तो पुलिस ने पीछा किया, पकड़ाने पर घटना का खुलासा हुआ
बायपास पर पति व छोटे बच्चे के साथ पैदल जा रही महिला से मंगलसूत्र लूट की घटना में दोनों लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया गया है। ऐसा पहली बार हुआ कि फरियादी के थाने पहुंचने से पहले ही पुलिस ने उसका मंगलसूत्र बरामद कर लिया।
संयोगवश हुए वाकये से फरियादी भी अचंभित है। घटना के अनुसार शुक्रवार रात पेट्रोल खत्म होने पर दंपती बाइक धकाकर पैदल जा रहे थे। महिला ने छोटे बच्चे को गोदी में ले रखा था। तभी ओवर ब्रिज के पास बाइक से आए बदमाशों ने मंगलसूत्र लूट लिया था।
दीवार के कारण आगे नहीं भाग सके
कनाड़िया टीआई जगदीश जमरे ने बताया घटना के वक्त मैं क्षेत्र में राउंड पर था। दो लोगों को रफ्तार में बाइक दौड़ाते देखा तो हमने उनके पीछे गाड़ी लगाई। वे और तेज भागने लगे। बदमाश आलोक नगर होकर खजराना की ओर एक कॉलोनी में भागे। यहां आगे रास्ता बंद था तो वे बाइक छोड़कर दीवार फांदने लगे। एक बदमाश गजेंद्र जाधव (22) निवासी धीरज नगर को पकड़ लिया, लेकिन उसका साथी सागर गोखले (30) निवासी धीरज नगर भाग निकला। धीरज ने तुरंत मंगलसूत्र फेंक दिया तो शंका हुई। मंगलसूत्र और लुटेरे को लेकर हम थाने पहुंचे। तभी एक महिला पति के साथ आई और मंगलसूत्र देख चौंक गई। लुटेरे के दूसरे साथी को भी शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

Exit mobile version