इंदौर। कालानी नगर निवासी प्लायवुड व्यापारी के यहां से चोर लाखों के गहने और नकदी चुरा ले गए। परिवार धार्मिक आयोजन में शामिल होने मांडव गया था। शुक्रवार रात वहां से लौटा तो मेनगेट का ताला टूटा मिला। भीतर जाने पर देखा कि घर का पूरा सामान बिखरा हुआ था। वारदात अतुल जैन के यहां हुई। उन्होंने बताया कि वे परिवार के साथ गुरुवार सुबह मांडव गए थे। घर पर कोई नहीं था। वहां से लौटे तो चोरी का पता चला। चोरों ने अलमारियों के ताले तोड़ दिए हैं। वे उसमें रखे आभूषण और तीन लाख रुपये चुरा ले गए हैं। जैन के मुताबिक, चोरी गए गहनों की कीमत तीन-चार लाख रुपये है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
