भोपाल के गांधी मेडिकल कालेज में स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की जूनियर डाक्टर बाला सरस्वती ने कर ली थी आत्महत्या, उन्होंने डाक्टरों पर लगाया था प्रताड़ना का आरोप।
हड़ताल के दौरान जूनियर डाक्टरों ने एमवाय अस्पताल के गेट पर प्रदर्शन किया
भोपाल में डा. सरस्वती द्वारा की गई आत्महत्या मामले में इंदौर के एमजीएम मेडिकल कालेज के जूनियर डाक्टरों ने शनिवार को काम बंद कर हड़ताल कर दी। इसके कारण अस्पताल में मरीजों को असुविधा का सामना करना पड़ा। हालांकि, सीनियर कन्सलटेंट ने मरीजों की देखभाल की।
जूनियर डाक्टरों ने एमवाय अस्पताल के गेट पर प्रदर्शन भी किया और डा. अरुणा कुमार को भोपाल के गांधी मेडिकल कालेज से हटाने की मांग की। एसोसिएशन अध्यक्ष डा. नयन जैन ने बताया कि भोपाल के गांधी मेडिकल कालेज में स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की जूनियर डाक्टर बाला सरस्वती ने आत्महत्या कर ली थी। वे लंबे समय से तनाव में थी।
एचओडी को हटाने की मांग
डाक्टर ने सुसाइड नोट भी लिखा है, जिसमें डाक्टरों द्वारा परेशान करने की बात लिखी थी। हमारी मांग है कि डा. अरुणा को एचओडी के पद से तो हटा दिया है, लेकिन उन्हें भोपाल से भी हटा दिया जाए। साथ ही एंटी सुसाइड कमेटी और थीसिस के लिए भी कमेटी बनाई जाए।
