कलेक्टर इलैया राजा टी ने किया औचक निरीक्षण, हाउसिंग बोर्ड के इंजीनियर को शोकाज नोटिस जारी करते हुए वेतन रोकने के भी निर्देश दिए। तल मंजिल का काम 30 सितंबर तक पूरा करने के दिए निर्देश।
शनिवार को कलेक्टर इलैया राजा टी ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया और काम में देरी को लेकर नाराजगी जताई।
धार रोड़ स्थित जिला अस्पताल के निर्माण कार्य में लगातार हो रही देरी और गुणवत्ता पर कलेक्टर इलैया राजा टी ने नाराजगी जताई है। उन्होंने दो इंजीनियरों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए।
दरअसल, शनिवार को कलेक्टर अचानक अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण से जुड़े मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड के सहायक यंत्री एवं निर्माण एजेंसी के ठेकेदार के साइड इंजीनियर को कार्य से तत्काल हटाने के लिए कहा है। हाउसिंग बोर्ड के इंजीनियर को शोकाज नोटिस जारी करते हुए वेतन रोकने के भी निर्देश दिए।
सालों से चल रहा है काम
बता दें कि जिला अस्पताल का निर्माण कार्य सालों से चल रहा है, लेकिन अभी तक इसके बनने की कोई राह नजर नहीं आ रही है। नईदुनिया द्वारा कई बार जिला अस्पताल निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार को लेकर खबर प्रकाशित कर जिम्मेदारों को जगाने का प्रयास किया गया है। इसके बाद कई बार यहां कलेक्टर सहित जनप्रतिनिधि निरीक्षण करने के लिए भी पहुंचे हैं।
30 सितंबर तक हर हाल में पूरा हो तल मंजिल का काम
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य पूर्ण गुणवत्ता के साथ किया जाए। गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं एप्रोच रोड पर पानी भरे होने पर भी असंतोष व्यक्त करते हुए पानी निकासी की व्यवस्था करने के लिए कहा। कलेक्टर ने कहा कि हर हाल में 30 सितंबर तक तल मंजिल का कार्य पूरा हो जाए और प्रथम मंजिल का कार्य नवंबर माह में पूर्ण हो। इसके लिए सूक्ष्म कार्ययोजना तैयार कर सोमवार को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
