इंदौर शहर में विभिन्न धार्मिक-सामाजिक संगठनों के कार्यक्रम 23 अप्रैल को आयोजित किए जाएंगे। इनमें जैन संत आदित्य सागर की धर्मसभा के साथ ही अन्नपूर्णा मंदिर परिसर में योग शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त परवार समाज का शपथ विधि समारोह और अग्रसेन महासभा का परिणयोत्सव भी होगा।
- अन्नपूर्णा आश्रम ट्रस्ट के सहयोग से अन्नपूर्णा मंदिर परिसर में चमेलीदेवी योग केंद्र एवं बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन की ओर आयुर्वेद एवं नेचरोपैथी पर आधारित पांच दिनी योग शिविर आयोजित किया जाएगा। अन्नपूर्णा आश्रम ट्रस्ट के संचालक स्वामी जयेन्द्रानंद गिरि एवं स्वामी प्रणवानंद के मार्गदर्शन में प्रतिदिन सुबह 7 से 8.30 बजे तक योग की निःशुल्क कक्षाएं संचालित की जाएंगी।
- श्रुत संवेगी आदित्य सागर महाराज, मुनि सहज सागर महाराज एवं मुनि अप्रमित सागर महाराज की धर्मसभा एयरपोर्ट रोड स्थित अंजनी नगर के पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर में सुबह 8.30 बजे से होगी।
चंद्रप्रभु दिगंबर जैन परवार समाज धार्मिक एवं पारमार्थिक ट्रस्ट का शपथ विधि समारोह सुबह 9 बजे रवींद्र नाट्यगृह में होगा। इसमें नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को कर्तव्य पारायणता की शपथ दिलाई जाएगी। साथ ही पहली साधारण सभा में ट्रस्ट की आगामी कार्ययोजना पर चर्चा होगी। इस मौके पर पूर्व महापौर कृष्णमुरारी मोघे, सुखदयाल जैन, पुष्पा कासलीवाल अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
अग्रसेन महासभा द्वारा आयोजित परिणयोत्सव में सुबह 11 बजे सभी बुजुर्ग दूल्हा-दुल्हनों को उनके परिजन हल्दी लगाएंगे। इसके बाद सभी 61 युगल एक साथ बैठकर साजनगोठ में विवाह का भोजन करेंगे। दोपहर में 4.30 बजे सभी दूल्हा-दुल्हन विंटेज कार, बग्घियों और अन्य वाहनों पर सवार होकर होटल परिसर में बैंडबाजों, पंजाबी ढोल, छत्र-चंवर सहित चल समारोह निकालेंगे।
सिंधु मुंहिजी जीजल संस्था द्वारा एसजीएसआइटीएस गोल्डन जुबली सभागृह में 21 सिंधी भाषी प्रशासनिक अधिकारियों का सम्मान शाम 5 बजे किया जाएगा। अधिकारियों के सम्मान के साथ ही विचार विमर्श का सत्र भी होगा। प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए सिंधी समाज के बच्चों को कोचिंग और अन्य तरह की सहायता के विषय पर सत्र रहेगा। इस अवसर पर प्रशासनिक सेवा में स्थान पाने वाले अधिकारी अपने अनुभव सुनाएंगे।
