पेट्रोल पंप पर मामूली विवाद में मारा था चाकू:हत्या करने के इरादे से किए थे कई वार, आरोपी गिरफ्तार

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

हत्या करने के उद्देश्य से चाकू मारने वाले बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पेट्रोल डालते समय मामूली विवाद में बदमाश ने युवक पर चाकू से कई वार किए थे। जिसमें वह गंभीर रुप से घायल हो गया था। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। पुलिस ने आरोपी के पास से बाइक और चाकू भी जब्त किया है।
दरअसल, ये मामला कनाडिया थाना क्षेत्र का है। घटना 21 मार्च की है। कृष्णबाग कॉलोनी के रहने वाले संजय उर्फ संजू (28) पिता कमल खेडेकर पर एक अज्ञात बदमाश ने चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए कनाडिया पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच में पता चला कि पेट्रोल डलवाते समय संजय से मामूली बात पर एक बदमाश का विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने संजय पर हमला कर दिया था। मामले में पुलिस ने आरोपी अभिषेक (24) पिता मुकेश चौहान निवासी गुर्जर खेडा बड़े पुल के पास महू को गिरफ्तार किया है।
खजराना पर पेट्रोल भरवाया था, आगे घेर कर मारा
कनाडिया पुलिस के मुताबिक घायल से पूछताछ में पता चला था कि उसने खजराना में पेट्रोल पंप से पेट्रोल डलवाया था, जहां एक व्यक्ति से मामूली बात पर उसका विवाद हो गया था। जिसके बाद बदमाश ने उसका पीछा किया और संपत पेट्रोल पंप के पास उसे घेरा और उस पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया था। घटना के बाद पुलिस ने पेट्रोल पंप से लेकर कई जगह के सीसीटीवी फुटेज निकाले। जिसमें आरोपी नजर आया।
सूचना के बाद पकड़ाया बदमाश
इधर, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल बाइक और चाकू भी जब्त किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मामूली कहासुनी की बात पर उसने इस घटना को अंजाम दिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य जानकारी भी जुटा रही है। वहीं आरोपी के पूर्व के अपराध की जानकारी भी पुलिस निकाल रही है।

Exit mobile version