निगमकर्मी ने लोन का झांसा देकर 35 लोगों को ठगा, लाखों रुपये लेकर फरार

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

न्यूनतम ब्याज दर पर 10 लाख रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर कई लोगों से लिए दस्तावेज और रुपये।
इंदौर की एरोड्रम थाना पुलिस ने नगर निगम के एक कर्मचारी पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। आरोपित ने लोन का झांसा दिया और तीन दर्जन लोगों से लाखों रुपये लेकर फरार हो गया। उसके गिरोह में और भी लोग शामिल हैं जो नकली सत्यापन और बैंक अफसर बनकर जरूरतमंदों को झांसा देते हैं।
पुलिस के मुताबिक, सांवरिया नगर (छोटा बांगड़दा) निवासी लक्ष्मी पति विजय असाटी ने आरोपित मक्खनलाल जाट के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। जाट नगर निगम (जोन-16) में पदस्थ है। असाटी दंपती से आय, जाति और संपत्तिकर के दस्तावेज बनवाने के दौरान उसका संपर्क हुआ था। आरोपित ने न्यूनतन ब्याज दर पर 10 लाख रुपये का लोन दिलाने का झांसा दिया और असाटी से दस्तावेज ले लिए। लक्ष्मी और उसका पति सिलाई का काम करते हैं।उनकी तरह अन्य लोगों ने भी दस्तावेजों के साथ-साथ लाखों रुपये दिए हैं। आरोपित ने सभी को ठगा और रातोंरात फरार हो गया। जानकारी मिली कि उसने फर्जी चेक भी बना कर दिए थे। एक युवक को बैंक अफसर बना कर भेजा था जो उनका सत्यापन करने गया था।

Exit mobile version