दुल्हे की शेरवानी चुराकर घरों में घुसे, ड्रग्स के लिए लाखों रुपये के आभूषण चुराए

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

एरोड्रम पुलिस ने सीरियल चोरी के आरोपितों को पकड़ लिया है। आरोपित ड्रग्स के लिए चोरी करते थे। एक बाइक बरामद हुई है जो चोरी की निकली। चोरों ने पुलिस के बचने के लिए दूल्हे की शेरवानी पहन ली थी ताकि शादी का बहाना बना सके।
पुलिस के मुताबिक क्षेत्र में एक साथ तीन घरों में चोरी हुई थी। पुलिस ने वारदात का तरीका और फुटेज के आधार पर कड़ियां जोड़ी तो लगा तीनों घटनाओं में एक ही गैंग शामिल है। बुधवार को विशाल पैलेस निवासी आकाश परिहार, संजय कुशवाह निवासी अहिल्या मल्टी(एरोड्रम) और एक नाबालिग को पकड़ लिया।
आरोपितों ने पहले घटना से इन्कार किया, लेकिन सीसीटीवी फुटेज देखते ही टूट गए।चोरों ने बताया कि जिस घर में घुसते वहां से नए कपड़े भी चुरा लेते थे। एक जगह से तो दूल्हे की शेरवानी चुराई थी।
इस शेरवानी को पहन कर ही चोरी करने जाते थे। उन्हें पता था कि पुलिस रात में गश्त करती है। शेरवानी पहनने पर पुलिसवालों को शादी का बहाना बना सकते थे। पुलिस ने आरोपितों से एक बाइक भी बरामद की है जो चोरी की निकली। आरोपितों को पकड़ा उस वक्त भी नशे की अवस्था में मिले। पुलिस अब नशा सप्लाई करने वाले तस्करों को ढूंढ रही है।

Exit mobile version