इंदौर के विजयनगर थाने में रविवार सुबह आगजनी की घटना हो गई। आग यहां रखे जब्त शुदा वाहनों में लगी। सूचना के बाद यहां दमकल के साथ नगर निगम के टैंकर पहुंचे। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग को काबू कर लिया गया। आग लगने के पीछे की वजह शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस घटना में किसी तरह की जन हानि नहीं हुई।
TI रवीन्द्र सिंह गुर्जर के मुताबिक थाना परिसर की एक तरफ जब्त वाहनों को रखा जाता है। जहां रविवार सुबह बिजली के तार टूट कर गिरने से निकली चिंगारी से वाहनों ने आग पकड़ ली। इस आग ने थोड़ी देर में बड़ा रूप ले लिया। इस दौरान स्टाफ थाने से बाहर आ गया। वही आसपास से पानी डालकर आग पर काबू करने की कोशिश की। इस दौरान फायर बिग्रेड की गाड़ियां भी मौके पर पहुंची।
20 से ज्यादा वाहन जले, स्टाफ का सामान भी स्वाहा
टीआई के मुताबिक आग में करीब 20 से ज्यादा जब्तशुदा वाहन पूरी तरह से जल गए। वहीं यहां से सटकर बने कमरे में भी स्टाफ का कुछ सामान रखा था। वह भी चपेट में आया है। जिसके नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक जहां आग लगी वहां से लगा हुआ टीआई का केबिन भी है। उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
लसूड़िया में जली थी 60 से ज्यादा बाइक और 5 कारें
कुछ माह पहले लसूड़िया थाने में भी पीछे की तरफ खड़े जब्त शुदा वाहनों में डीपी में हुए शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई थी। यहां आग में करीब 60 से ज्यादा वाहन ओर पांच के करीब कारें जल गई थी। आग पर उस दौरान दमकलों ने काबू किया था। जिसमें रात में स्टाफ ने परिसर से बाहर आकर अपनी जान बचाई थी।
