चोरी की शंका में मजदूर को खंभे से बांधकर अर्धनग्न अवस्था में पीटा, ठेकेदार गिरफ्तार

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read
  • पीथमपुर के आयशर चौराहे के पास एक मजदूर की ठेकेदार ने सरिया चोरी का आरोप लगाते हुए पिटाई कर दी। पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
  • सरिया चोरी का आरोप लगा कर युवक की पिटाई
  • पीथमपुर के आयशर चौराहे के पास एक मजदूर को बांधकर पीटा
  • पुलिस ने आरोपितों को किया गिरफ्तार

पीथमपुर। औद्योगिक क्षेत्र के थाना सेक्टर-एक अंतर्गत श्रमिक युवक को चोरी की शंका में अर्धनग्न कर बिजली के खंभे से बांध दिया। इसके बाद उसकी पिटाई भी की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जानकारी पुलिस को मिलते ही पुलिस ने संज्ञान लिया और तुरंत मारपीट करने वाले ठेकेदार और उसके दो अन्य साथियों को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया है।
सरिया चोरी का आरोप लगाकर पीटा
जानकारी के अनुसार पीथमपुर के आयशर चौराहे के पास राऊ-पीथमपुर हाईवे का निर्माण कार्य करने वाले ठेकेदार ने कुंदन नामक युवक पर सरिया चोरी करने का आरोप लगाया। आरोप लगाते हुए ठेकेदार और वहां मौजूद लोगों ने उसे खंभे से बांध दिया। इसके बाद उसके कपड़े उतारकर अर्धनग्न स्थिति में उसकी पिटाई की गई। इसका वीडियो बनाकर लोगों ने वायरल कर दिया जिसकी जानकारी पुलिस को मिली।
सेक्टर-1 थाना प्रभारी संतोष कुमार दूधी ने वीडियो पर संज्ञान लिया और मौके पर पहुंचकर मारपीट करने वाले सभी आरोपितों को पकड़ा। इसमें ठेकेदार ऋषभ जैन निवासी चंदन नगर इंदौर, संदीप डुडवे निवासी नानपुर, आलीराजपुर और सुरेश साहू वृंदावन कालोनी, पीथमपुर पर प्रकरण दर्ज किया गया। इसके साथ ही युवक कुंदन पर भी चोरी की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।

Exit mobile version