इंदौर के सिरपुर में रहने वाली एक महिला बाइक से उछलकर गिर गई। वह पति के साथ बाइक पर जा रही थी। दो घंटे बाद जब एंबुलेंस के डॉक्टरों ने कॉल किया तो पति को जानकारी लगी कि पत्नी का एक्सीडेंट हुआ है। वह तुरंत एमवाय अस्पताल पत्नी के पास पहुंचा और परिवार के अन्य लोगों को जानकार दी।
मामला गांधी नगर थाने के पितृ पर्वत के पास का है। यहां रेशमबाई निवासी ग्राम कटारिया को उसका पति भागीरथ बाइक से लेकर जा रहा था। इसी दौरान महिला बाइक से अचानक पीछे ही गिर गई। भागीरथ तेजी में बाइक चलाते हुए चले जा रहा था। इधर लोगों ने महिला को सड़क पर घायल देखकर 108 एंबुलेंस को सूचना की।
एंबुलेंस पहले महिला को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। यहां डॉक्टरों ने कहा कि महिला की हालत गंभीर है। उसे एमवाय अस्पताल में एडमिट करना ही ठीक रहेगा। डॉक्टर केपी मीना और पायलेट सुमेल सिंह उसे लेकर एमवाय पहुंचे। यहां महिला के पास एक मोबाइल कपड़ों में मिला। जिस पर मिसकॉल थे।
जब डॉक्टरों ने उक्त नंबर पर कॉल किया तो वह पति का निकला। इसके बाद पति को बताया गया कि पत्नी हादसे का शिकार हुई है। एमवाय में एडमिट है। भागीरथ को एमवाय बुलाकर डॉक्टरों ने मोबाइल और महिला के पास मिले डॉक्यूमेंट सौंप दिए।
