स्पोर्ट्स फेस्टिवल को लेकर विद्यार्थियों में रोष, नाराज विद्यार्थियों ने की नारेबाजी, कुलपति का किया घेराव, कुलपति बोलीं-तीन दिन में लेंगे फैसला
विधि अध्ययनशाला की विभाग अध्यक्ष और विद्यार्थी स्पोर्ट्स फेस्टिवल बंद करने की बात पर आमने-सामने आ गए। नाराज विद्यार्थियों ने जमकर नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप था कि विभाग अध्यक्ष आए दिन विद्यार्थियों से गलत व्यवहार करती हैं। डी-बार करने की धमकी देती हैं, जबकि विभाग अध्यक्ष के मुताबिक, विद्यार्थी बेवजह हुड़दंग कर रहे थे। मना किया तो वे विवाद करने लगे। घटनाक्रम की जानकारी लगते ही कुलपति डा. रेणु जैन भी पहुंचीं। जहां विद्यार्थियों ने विभाग अध्यक्ष को हटाने की मांग करते हुए कुलपति का घेराव किया। रास्ता रोककर कार के सामने बैठ गए। उधर, एबीवीपी विद्यार्थियों के समर्थन में उतर आई है।
शनिवार को विधि अध्ययनशाला में एक दिवसीय स्पोर्ट्स फेस्टिवल चल रहा था। दोपहर 2 बजे विभाग अध्यक्ष डा. अर्चना रांका ने विद्यार्थियों को स्पोर्ट्स फेस्टिवल बंद करने के लिए बोला। इस पर विद्यार्थियों ने कुछ देर और खेल गतिविधियां चलाने की बात कही। इसे लेकर विभाग अध्यक्ष गुस्सा हो गईं और कहा कि बंद नहीं करोगे तो डी-बार कर दूंगी। पांच साल का पाठ्यक्रम छह साल में पूरा होगा। इससे नाराज छात्रों ने नारेबाजी शुरू कर दी और विभाग के सामने धरने पर बैठ गए। थोड़ी देर बाद एबीवीपी के छात्रनेता घनश्याम चौहान व संगठन से जुड़े कई और छात्रनेता पहुंच गए।
कुलपति से की विभाग अध्यक्ष की शिकायत
घंटाभर प्रदर्शन करने के बाद कुलपति डा. रेणु जैन भी आईं। छात्रों ने कुलपति के सामने समस्याएं रखीं। उन्होंने कहा कि विभाग में एक भी नियमित शिक्षक नहीं है। कई फैकल्टी को पढ़ाना भी नहीं आता है। मूट कोर्ट दो साल से बंद है। विभागाध्यक्ष ठीक से बात नहीं करती हैं और बार-बार डी-बार करने की धमकी देती हैं, जबकि विभाग अध्यक्ष डा. अर्चना रांका ने कहा कि विद्यार्थियों के आरोप गलत हैं। अन्य विभागों के विद्यार्थी होली पर एक दूसरे को रंग लगा रहे थे। हुड़दंग और विवाद की स्थिति न बने इसके लिए खेल गतिविधियों को बंद करने के लिए बोला था।
विभाग अध्यक्ष को हटाने की मांग
हंगामा करने वाले विद्यार्थियों ने कुलपति के सामने विभागाध्यक्ष को हटाने की मांग रखी। कुलपति सहित कई शिक्षक विद्यार्थियों को समझाने लगे। बावजूद इसके विद्यार्थियों ने कुलपति की कार का रास्ता रोक लिया। यह देखकर कुलपति डा. रेणु जैन कार से उतरकर पैदल जाने लगीं। एबीवीपी के छात्रनेताओं ने बातचीत की। फिर कुलपति ने तीन दिनों में विभाग से जुड़ी समस्या का निराकरण करने का आश्वासन दिया है। कुलपति डा. रेणु जैन ने कहा कि विद्यार्थियों की कुछ मांगें मानने योग्य नहीं हैं। वैसे मूट कोर्ट जल्द ही शुरू किया जाएगा। पूरे मामले में समिति बनाकर जांच की जाएगी।
