कोर्ट ने माना- सद्दाम ने ही सात साल की बच्ची की हत्या की थी

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

चार फरवरी को कोर्ट सुनाएगा हत्यारे को सजा, खुद को मानसिक रोगी बताकर बचने की कोशिश भी की थी आरोपित ने।
चार माह पहले इंदौर के आजाद नगर क्षेत्र में हुई सात वर्षीय मासूम की हत्या सद्दाम ने ही की थी। मंगलवार को जिला कोर्ट ने इस पर मुहर लगाते हुए सद्दाम को हत्यारा ठहराया। अब कोर्ट 4 फरवरी को हत्यारे को सजा सुनाएगा। खुद को मानसिक रोगी बताते हुए हत्यारे ने सजा से बचने की कोशिश भी की थी, लेकिन कोर्ट के सामने उसके दांवपेच काम नहीं आए। हत्यारे ने मासूम को उस वक्त चाकू से गोद दिया था, जब वह अपने नाना के घर के बाहर खेल रही थी।

वारदात 23 सितंबर 2022 को सुबह 11 बजे हुई थी। वाटर पंप के समीप रहने वाले मोहम्मद इस्माइल की सात वर्षीय नातिन मायरा उर्फ माहेनूर घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान सद्दाम वहां आया और मायरा को जबरदस्ती उठाकर खुद के घर (गणेश चौक) ले गया। इस्माइल की मकान मालकिन सलमा उसके पीछे-पीछे दौड़ी थी, लेकिन सद्दाम ने दरवाजा बंद कर लिया। कमरे में उसने मायरा पर चाकू से 15 वार किए और उसे मौत के घाट उतार दिया। न्यायालय के सामने सद्दाम ने खुद को मानसिक रोगी साबित करने का प्रयास भी किया था। उसके वकील ने इस संबंध में आवेदन भी दिया था। इसमें कहा गया था कि सद्दाम मानसिक चिकित्सालय में भर्ती भी रहा है, लेकिन ये दांवपेच न्यायालय में काम नहीं आए।

कोर्ट चार फरवरी को सुनाएगा फैसला
अभियोजन ने कोर्ट को बताया कि मानसिक चिकित्सालय ने पूरी तरह से स्वस्थ होने के बाद ही सद्दाम को डिस्चार्ज किया था। हत्यारे के वकील ने यह तर्क भी कोर्ट में रखा था कि गवाहों का कहना है कि उन्होंने खिड़की में से सद्दाम को बच्ची की हत्या करते हुए देखा था, लेकिन पुलिस ने मौका नक्शा में वह खिड़की ही नहीं बनाई थी। हालांकि, कोर्ट ने इस तर्क को मानने से इनकार कर दिया। मंगलवार को जिला कोर्ट ने सद्दाम पर लगाए गए सभी आरोप सिद्ध पाए। अब कोर्ट 4 फरवरी को सजा सुनाएगी।

खुद के जवाब में ही उलझ गया सद्दाम
सद्दाम को मानसिक रोगी बताते हुए उसके वकील ने कोर्ट में आवेदन भी दिया था, लेकिन जब सद्दाम से सवाल किए तो उसकी पोल खुल गई। वह खुद के ही जवाब में उलझ गया। उसने सभी सवालों के सही-सही जवाब दिए। इन्हें सुनने के बाद कोर्ट ने सद्दाम को मानसिक रोगी मानने से ही इनकार कर दिया।

- Advertisement -

ये सवाल पूछे थे सद्दाम से
मेडिकल बोर्ड
– तुम कितने भाई हो
सद्दाम – पांच
मेडिकल बोर्ड – कितनी नमाज होती है
सद्दाम – पांच
मेडिकल बोर्ड – कितना कमा लेते हो
सद्दाम – डेढ़-दो सौ रुपये

Exit mobile version