परिवार के साथ भोपाल से महू जा रहे थे पीड़ित, ओवरटेक करने की बात पर हुआ था विवाद, आरोपितों की कार में लड़कियां भी थी। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की।
कनाड़िया बायपास पर पीड़ितों की कार के आगे-पीछे कार अड़ाकर किया प्राणघातक हमला।पीड़ितों की कार में महिलाएं और बच्चे भी थे सवार, आरोपितों ने उन्हें भी धमकाया।आरोपितों की कार में करीब सात लोग थे। मौके पर भीड़ इकट्ठा हुई तो आरोपित कार से भाग निकले।
कनाड़िया बायपास पर कार सवार युवकों ने दो भाइयों पर प्राणघातक हमला कर दिया। उनकी कार को ओवरटेक कर रोका और कार के आगे-पीछे कार लगा दी। कार में आरोपितों के साथ युवतियां भी बैठी थी। युवतियों ने अभद्रता की और वस्त्र फाड़ कर झूठा केस लगाने की धौंस दी।
कनाड़िया थाना पुलिस के मुताबिक, घटना कनाड़िया ब्रिज के नीचे सर्विस रोड़ की है। शांतिनगर महू निवासी दीपक पुत्र लक्ष्मीनारायण सोंधिया भाई राजकुमार, पत्नी आरती, भाभी पूजा, मां, बेटियों के साथ भोपाल से महू जा रहे थे। रात करीब साढ़े नौ बजे सफेद और काले रंग की कार उनके आगे-पीछे चलने लगी। ओवरटेक करने के चक्कर में एक कार सोंधिया की कार से टकरा गई। इस पर उनमें विवाद हुआ। तब दूसरी कार ने पीछा कर सोंधिया की कार को ओवरटेक कर रोक लिया।
कपड़े फाड़कर चिल्लाने लगी लड़कियां
कार सवारों ने विवाद किया और राजकुमार व दीपक पर चाकू लेकर टूट पड़े। दोनों कार में करीब सात युवक बैठे थे। उनके साथ लड़कियां भी थी, जो वस्त्र फाड़ कर शोर मचा रही थी। सोंधिया की कार में महिलाएं भी थी। आरोपितों ने उन्हें भी धमकाया। भीड़ एकत्र हुई तो आरोपित कार में बैठकर भाग गए। रात में पुलिस ने जानलेवा हमले की धारा में केस दर्ज किया। टीआइ केपी यादव के मुताबिक, आरोपितों की पहचान कर ली है।
