इंदौर में ऑनलाइन डिलीवरी कंपनी में काम करने वाले एक कर्मचारी की सड़क हादसे में मौत हो गई। शनिवार रात वह तेज बारिश में हादसे का शिकार हो गया। उपचार के लिये एमवाय में भर्ती कराया गया। सुबह 5 बजे परिजनों को सूचना दी गई। दो दिन एमवाय अस्पताल में उपचार के बाद सोमवार देर रात कर्मचारी की मौत हो गई।
परदेशीपुरा पुलिस के मुताबिक घटना सुभाष नगर की है। यहां राहुल पुत्र राजू पाटिल निवासी आराधना नगर सड़क पर शनिवार रात करीब 11 बजे घायल मिले। नजदीक ही उनकी बाइक पड़ी मिली। एंबुलेंस से उन्हें एमवाय भेजा गया। यहां सोमवार को राहुल ने दम तोड़ दिया। राहुल एक ऑनलाइन कंपनी में काम करते थे।
परिवार का इकलौता सहारा
राहुल अपनी मां का इकलौता सहारा था। उसके पिता की कई सालों पहले मौत हो चुकी है। करीब तीन साल पहले ही राहुल की शादी हुई थी। उसके परिवार में दो साल का बेटा पत्नी और मां है। राहुल ही परिवार का पालन पोषण करता था। पुलिस के मुताबिक मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
