इंदौर में इंस्टाग्राम पर हुए कमेंट्स को लेकर हुई कहासुनी में दो आरोपियों ने मिलकर एक युवक को चाकू मार दिए। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत में उपचार के दो दिन बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक इंस्टाग्राम पर कमेंट्स को लेकर उनकी कहासुनी हुई थी।
पुलिस के मुताबिक घटना जमजम चौराहे की है। 1 मार्च की रात यहां साहिल (18) पुत्र अकबर खान पर अरशद और शहाबुद्दीन ने चाकू से हमला कर दिया था। गंभीर हालत में उसे भाई सोहेल लेकर एमवाय अस्पताल पहुंचा था। यहां शनिवार रात साहिल ने दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने कुछ समय पहले इंस्टाग्राम पर अपने फोटो अपलोड किये थे। उस समय साहिल ने फोटो पर कमेंट्स करते हुए हंसी उड़ाई थी।
आरोपी इस बात से नाराज हो गए थ। वह साहिल के घर पहुंचे तो पता चला कि वह महाराष्ट्र में अपने रिश्तेदारों के यहां है। आरोपी उसे बाद में देखने की धमकी देकर गए थे। एक दिन पहले साहिल महाराष्ट्र से आया रात में वह आरोपियों को अकेला दिखा। जिसके बाद बदमाश उसे चाकू मारकर फरार हो गए थे। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था। जिसके दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक अब हत्या के मामले में आरोपियों पर केस दर्ज किया जाएगा।
