इंदौर शहर में बदमाशों के हौसले बुलंद आधी रात में युवक को चाकू मारा

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

बेखौफ बदमाश:लूट का विरोध किया तो डिलीवरी बॉय को मारा चाकू, वसूली के लिए दुकान फोड़ दी शहर में रात की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े होने लगे हैं। शुक्रवार देर रात लसूड़िया स्थित स्कीम-78 में ऑर्डर लेने रेस्टोरेंट जा रहे एक डिलीवरी बॉय को दो बाइक से आए चार बदमाशों ने रोका। उसका मोबाइल छीनने के बाद उसकी जेब में रखे 1200 रुपए लूट लिए। बदमाशों ने उसके पेट पर चाकू मार फिर धक्का देकर उसे गिरा दिया।

रात करीब ढाई बजे रोहित अपना ऑर्डर लेने जेएमबी रेस्टोरेंट जा रहा था। रास्ते में बदमाशों ने हैलो कैफे के आगे हनुमान मंदिर के सामने उसे घेर लिया। पहले तो उसे धमकाया फिर बाइक पर बंधा उसका मोबाइल छीन लिया। चाकू अड़ाकर उसकी जेबें टटोलीं। रोहित ने रातभर के ऑर्डर से जो रुपए कमाए थे, वे बदमाशों ने छीन लिए। रोहित गिड़गिड़ाया कि प्लीज मेरा मोबाइल वापस दे दो, मेरे बिजनेस से संबंधित पूरा डेटा इस मोबाइल में है। इसके बिना मेरा काम बंद हो जाएगा। चाहो तो और रुपए लाकर दे दूंगा। लेकिन बदमाशों ने उसे पीटा फिर पेट में चाकू मारकर भाग निकले।

बीट के जवानों को दिया चकमा , दोस्त ने पहुंचाया अस्पताल
घायल रोहित लहूलुहान हालत में अपने दूसरे डिलीवरी बॉय दोस्त अमित गुप्ता के पास पहुंचा और पूरी घटना बताई। अमित ने मौके से गुजर रहे बीट के जवानों को बदमाशों की जानकारी दी तो जवान उनके पीछे लगे। पुलिस ने उनकी बाइक पर लात मारकर रोकना चाहा, लेकिन बदमाश चकमा देकर भाग निकले। रोहित को अमित ने अस्पताल पहुंचाया, तुरंत उपचार मिलने से उसकी जान बच गई। उसे पसली में चाकू लगा है। लसूड़िया पुलिस ने रोहित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।

Exit mobile version