इंदौर में सेकंड फ्लोर से गिरे बुजुर्ग की मौत:कुल्ला करते समय बालकनी से झांक रहे थे, बैलेंस बिगड़ने से 25 फीट नीचे सिर के बल गिरे

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर में एक 76 साल के बुजुर्ग की सेकेंड फ्लोर से गिर कर मौत हो गई। बताया जाता है कि रात करीब 12 बजे वह गैलरी में आए थे। इस दौरान कुल्ला करने के लिए बाहर की तरफ झुके और बैलेंस बिगड़ने से करीब 25 फीट नीचे आ गिरे। हादसे में उन्हें सिर में गंभीर चोट आई थी। अस्पताल में उपचार के दौरान गुरुवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।

तुकोगंज पुलिस के मुताबिक 76 साल के बुजुर्ग राम नारायण पुत्र स्व. गेंदा लाल गोमे को गंभीर हालत में उनके पड़ोसी भारत एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे थे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रिश्तेदार ने बताया कि रामनारायण अपने घर की दूसरी मंजिल पर बालकानी में आए थे। इस दौरान वह कुल्ला कर रहे थे। तभी ऊंचाई से झांकने के दौरान उनका संतुलन बिगड़ा और वह सिर के बल नीचे आ गिरे। जिससे उनकी मौत हो गई।

15 दिन पहले ही हुई थी छुट्‌टी
राम नारायण के परिवार में उनके दो बेटे हैं। बड़े बेटे राजू की दो साल पहले मौत हो चुकी है। परिवार में पत्नी गंगाबाई, ​छोटा बेटा सतीश, बहू व पोते-पोती हैं। कुछ दिन पहले राम नारायण के पेट में पानी भरा गया था। इसके उपचार के लिए वो कई दिन अस्पताल में भर्ती रहे थे। करीब 15 दिन पहले ही वह ठीक होकर घर आए थे। जब हादसा हुआ तब उनकी पत्नी पीछे के कमरे में थी। वही बहू-बेटा व परिवार के लोग भी अंदर ही थे। फिलहाल पुलिस मामले में जांच कर रही है।

Exit mobile version