पुलिस को देखकर भाग रहे बदमाशों को पकड़ा। जिन लोगों के घर के बाहर ताला तटका हुआ था, नोटिस चस्पा किए।
इंदौर पुलिस ने पहले अपराधियों को चिह्नित कर सूची बनाई।
पुलिस की टीम एक साथ मैदान में उतरी गई।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र में अपराधियों के नाम का अनाउंसमेंट भी किया गया।
शहर में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस अब मैदान में उतर आई है। शनिवार रात डीसीपी जोन चार राजेश हिंगणकर के नेतृत्व में पुलिस ने स्पेशल आपरेशन चलाया। इसके तहत पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों में लिप्त बदमाशों के घर-घर जाकर दबिश दी। इस दौरान कई आरोपित घर के अंदर पलंग के नीचे जा छुपे।
अपराधियों को चिह्नित कर सूची बनाई
पुलिस ने पहले अपराधियों को चिह्नित कर सूची बनाई और इसके बाद पुलिस की टीम एक साथ मैदान में उतरी गई। इसके बाद चिह्नित बदमाशों को घर-घर जाकर उन्हें रेड और येलो नोटिस थमाया। नोटिस में लिखा था कि आपको यह सूचित किया जाता है कि आपके विरुद्ध दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 110 के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
राशि और समय का बांड ओवर किया गया
इस कार्रवाई में डीसीपी जोन-चार के न्यायालय द्वारा आपसे किसी आपराधिक कृत्य में संलिप्त न होने के लिए राशि और समय का बांड ओवर किया गया है। यदि इसके बावजूद भी इस अवधि में कोई अपराध घटित किया जाता है तो दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 122 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए आपके द्वारा बंधपत्र में उल्लेखित प्रतिभूति राशि जब्त कर ली जाएगी और कारागार के निरुद्ध किया जाएगा।
अपराधियों के नाम का अनाउंसमेंट भी किया गया
इसके साथ ही क्षेत्र में अपराधियों के नाम का अनाउंसमेंट भी किया गया। बता दें कि कुछ दिनों पहले की थाना क्षेत्र के कबूतरखाना में क्रिक्रेट खेलने के विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से ही पुलिस क्षेत्र में सक्रिय नजर आ रही है।
वर्षा के दौरान पहुंची पुलिस
बता दें कि देर रात वर्षा के दौरान पुलिस अपराधियों के घर जा पहुंची। इस दौरान कई पुलिसकर्मी रेनकोट तो कई हाथों में छाते लिए दिखाई दिए। कई बदमाश पुलिस देखकर भागने लगे, जिन्हें पकड़ लिया। एनडीपीएस के आरोपित इमरान के घर पुलिस पहुंची तो वह पलंग के नीचे छुप गया था। इस दौरान पुलिस ने उसके घर की भी तलाशी ली। जिन लोगों के घर के बाहर ताला तटका हुआ था, उनके दरवाजे पर नोटिस चस्पा किया गया।
