इंदौर के नॉर्थ तोड़ा इलाके की बस्ती में गुरुवार शाम आग लग गई। यहां आग एक के बाद एक चार से ज्यादा घरों में फैल गई। आग की सूचना के बाद बस्ती में भगदड़ मच गई। इस दौरान एक गैस सिलेंडर में ब्लास्ट भी हो गया। मौके पर पहुंची फायर टीम को अंदर घुसने में काफी मशक्कत का सामान करना पड़ा। चार घायलों को एमवाय अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
फायर ब्रिगेड के मुताबिक सेन्ट्रल कोतवाली इलाके के नॉर्थ तोड़ा में गुरुवार को घरों में आग की सूचना मिली थी। घनी बस्ती होने के चलते फायर ब्रिगेड की गाड़ियां अंदर नही पहुंच पा रही थी। आसपास के रहवासियों की मदद से आग पर काबू किया गया। इस हादसे में करीब चार घर पूरी तरह से जलकर खाक हो गए है। एक घर में रखे गैस सिलेंडर में ब्लास्ट भी हुआ। आग लगने के चलते एक बच्चे सहित चार लोग मामूली घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया है।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
फायर ब्रिगेड के मुताबिक आग का शुरुआती कारण बिजली के मीटर में हुआ शॉर्ट सर्किट सामने आया है। कच्चे घर होने से आग फैल गई। इस दौरान वहां रहने वाले परिवारों को आसपास के लोगों ने सकुशल बाहर निकाल लिया था। लेकिन एक घर में चारों तरफ आग लगी होने से बीच में रखे गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट के कारण छत पर लगी चद्दर के टुकड़े दूर तक जाकर गिरे।
विधायक सहित आला अफसर मौके पर पहुंचे
आग की सूचना के बाद विधायक आकाश विजयवर्गीय सहित पुलिस और प्रशासन के आला अफसर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के मुताबिक आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है। किसी तरह की बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है। पुलिस के मुताबिक शमसुद्दीन, सैयद सुलतान, अजय और सोनू नाम की महिला का एमवाय अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। कुछ घायल निजी अस्पताल में पहुंचे हैं।
