लसूड़िया पुलिस ने एक साल पहले अर्बन डेवलपमेंट के जॉइंट डायरेक्टर के यहां हुई चोरी के मामले में तीन चोरों को पकड़ा है। तीनों चोर भोपाल के रहने वाले है। वह लग्जरी लाइफ जीने के शौकीन है। आरोपियों ने चोरी के रुपए से एक फार्म हाउस भी इंदौर-भोपाल रोड पर खरीद लिया था। चोरी के बाद वह इसी फॉर्म हाउस पर फरारी काटते थे। पुलिस के मुताबिक सरगना के कमरे की तलाशी में मंहगी घडियां,जूते और कपड़े मिले है। वहीं सोना गलाने के लिए वह सराफा के कारीगरों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले इक्विपमेंट भी अपने पास रखते थे।
लसूडिया TI संतोष दूधी के मुताबिक 17 फरवरी को अर्बन डेवलपमेंट के जॉइंट डायरेक्टर राजीव निगम के यहां चोरी हो गई थी। उस समय वह अपने रिश्तेदार के यहां परिवार के साथ गए थे। बदमाश यहां से करीब 14 लाख से अधिक केश चुराकर ले गए थे। राजीव निगम ने इतने रुपए परिवार में शादी के लिए निकालकर रखे थे। इस मामले में पुलिस ने जांच की। जिसमें लगातार एसयूवी कार नंबर के आधार पर इंदौर-भोपाल रोड़ पर सर्चिंग की गई। इस दौरान बदमाशों की जानकारी लगी। इस मामले में पुलिस ने अनूप पुत्र भृगु नारायण सिंह निवासी एलआईसी 4 सेक्टर सी अरेरा कॉलोनी शाहपुरा भोपाल, अभिषेक पुत्र राजू सिंह निवासी एच अरेरा कॉलोनी विट्ठल मार्केट और अमित पुत्र ओमप्रकाश सिंह निवासी नगर पालिका के पास गेहूं खेड़ा कोलार रोड खजूरी भोपाल को पकड़ा है।
वॉकी-टॉकी का करते थे इस्तेमाल
आरोपियों से 100 ग्राम सोना,चांदी की घड़ियां, सोना गलाने के इक्विपमेंट और वॉकी-टॉकी भी जब्त किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी एक दूसरे से संपर्क करने के लिए मोबाइल स्विच आफ करके वॉकी-टॉकी का इस्तेमाल करते थे। आरोपियों ने करीब 10 प्रदेशों में 70 से ज्यादा चोरी करना कबूल की है। कुछ समय पहले सरगना अनूप को महाराष्ट्र पुलिस ने भी पकड़ा था। आरोपी वारदात के समय गाड़ी पर फर्जी प्लेट लगाकर वारदात को अंजाम देते थे।
