हत्यारी खोह में डूबे दूसरे छात्र का शव भी मिला, घर से झूठ बोलकर गए थे पिकनिक मनाने

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

11वीं के छात्र का शव हादसे के आठ घंटे बाद ही मिल गया था, जबकि 12वीं के छात्र का शव सोमवार को मिला।

खुड़ैल थाना क्षेत्र के जनकपुर गांव के पास स्थित पिकनिक स्पाट हत्यारी खोह में रविवार को दो छात्रों की डूबने से मौत हो गई थी। इसमें 11वीं में पढ़ने वाले छात्र रोहित का शव आठ घंटे बाद मिल गया था। वहीं 12वीं में पढ़ने वाले छात्र सुमित के शव को भी सोमवार सुबह तलाश लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, शव को ढूंढने में टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। शव हत्यारी खो से आगे एक तालाब में मिला। पुलिस के मुताबिक, रोहित निगम निवासी चौहान नगर और सुमित कोगे अपने दो अन्य दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए थे। रोहित व सुमित कुंड में नहाने गए थे। इस दौरान भंवर में फंसे और गहरे पानी में डूब गए। स्वजन ने भी बताया कि दोनों हमें झूठ बोलकर पिकनिक मनाने के लिए गए थे।

कई पर्यटक होते हैं हादसे का शिकार
बता दें कि हत्यारी खो सहित मुहाड़ी फाल, तिंछा फाल, पातालपानी आदि जगह पर रविवार को बड़ी संख्या में पर्यटक जाते हैं। इन स्थानों पर हर साल कई लोग हादसे का शिकार होकर अपनी जान गंवा देते हैं।

- Advertisement -
Exit mobile version