स्‍ट्रीट डाग को जहर देकर मैनेजर के घर से लाखों रुपये के जेवर चुराए, चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अलमारियां भी खराब कर दी।

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

तेजाजी नगर क्षेत्र की बृजनयनी कालोनी में चोर निजी बैंक के मैनेजर के घर से लाखों के जेवर चुरा ले गए। चोरों ने स्ट्रीट डाग को जहर देकर मारा, जो उनके आने पर भौंक रहा था।

कोटक महिंद्रा बैंक में मैनेजर शुभम मोहन सेन ने पुलिस को बताया कि शनिवार को वे मां गीता के साथ नीमच गए थे। पत्नी कृतिका जयपुर गई थीं। मंगलवार को पड़ोसियों ने काल कर कहा कि आपके घर का दरवाजा खुला हुआ है। शुभम ने बताया कि वह तो अभी नीमच में ही है।पड़ोसियों से ही पुलिसवालों को खबर करवाई। शुभम ने वीडियो काल कर दृश्य देखा तो चौंक गए। चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अलमारियां भी खराब कर दी। लाकर में रखे 50 हजार रुपये, सोने के टाप्स, नथ और चांदी के 40 सिक्के, गिलास, नारियल सहित करीब सात किलो चांदी के आभूषण चुरा ले गए। रहवासियों ने बताया कि चोर दो दिन से आ रहे थे। स्ट्रीट डाग रात में भौंक रहा था। सोमवार को चोरों ने उसे जहर देकर मार डाला।

उधर, एमजी रोड पुलिस ने आरोपित हिमांशु तिवारी निवासी गोडर देपालपुर के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया। टीआइ संतोष सिंह यादव के मुताबिक के हिमांशु फरियादी प्रशांत पंवार के काछी मोहल्ला स्थित शोरूम पर नौकरी करता था। प्रशांत ने बताया कि उसकी अनुपस्थिति में हिमांशु सामान लेकर फरार हो गया।

Exit mobile version