सोमवार को नगरीय सीमा के करीब 650 पुलिसकर्मी और ग्रामीण क्षेत्र के 70 पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश दिया गया है। पहली बार बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों का साप्ताहिक अवकाश स्वीकृत हुआ है।
सोमवार यानी 6 अगस्त से नगरीय और देहात क्षेत्र के 720 पुलिसकर्मी साप्ताहिक अवकाश मनाएंगे। पुलिस मुख्यालय से आदेश जारी होने के बाद पहली बार बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों का अवकाश स्वीकृत किया गया है।
पुलिस आयुक्त मकरंद देऊस्कर के मुताबिक, नगरीय सीमा में करीब 650 पुलिसकर्मी सोमवार को साप्ताहिक अवकाश मनाएंगे। उपलब्ध बल के आधार पर चारों जोन के डीसीपी ने रोस्टर तैयार किया है। हमने तय किया है कि रविवार को रात्रि गश्त करने वाले पुलिसकर्मी-अधिकारी सोमवार को छुट्टी रखेंगे। ये पुलिसकर्मी सीधे मंगलवार को ड्यूटी पर आएंगे। अवकाश लेने वालों में थानों, ट्रैफिक और पुलिस लाइन के रोस्टर को मिलाकर 650 पुलिसकर्मी रहेंगे।
क्राइम ब्रांच साप्ताहिक अवकाश में शामिल नहीं
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेश हिंगणकर के मुताबिक, क्राइम ब्रांच और कार्यालय में पदस्थ पुलिसकर्मी साप्ताहिक अवकाश में शामिल नहीं हैं। कार्यालय का स्टाफ रविवार को छुट्टी पर रहता है। क्राइम ब्रांच कानून व्यवस्था में सम्मिलित नहीं रहती है। उधर, ग्रामीण क्षेत्र में भी सोमवार को करीब 70 पुलिसकर्मियों को छुट्टी स्वीकृत की गई है।एसपी (ग्रामीण) सुनील मेहता के मुताबिक, ग्रामीण में करीब 500 पुलिसकर्मियों का बल उपलब्ध है। रोस्टर के मुताबिक, 70 पुलिसकर्मियों को छुट्टी दी गई है। हालांकि, उसमें मुख्यालय से जारी शर्तें भी जोड़ी गई है। कानून व्यवस्था बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर बुलाया जा सकता है।
