परीक्षा से आठ मिनट पहले एमबीए चौथे सेमेस्टर का पेपर इंटरनेट मीडिया पर हो गया वायरल

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

पेपर लीक से जुड़े प्रमाण विश्वविद्यालय के पास नहीं, जांच का दिया आश्वासन। 31 जुलाई को था फाइनेंस डेरीवेटिव्स एंड रिस्क मैनेजमेंट का पेपर।

बीकाम प्रथम वर्ष के बाद अब एमबीए चौथे सेमेस्टर का पेपर लीक होना सामने आया है। बीते सोमवार को एमबीए चौथे सेमेस्टर का पेपर परीक्षा से आठ मिनट पहले इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया था, जो कालेज के विद्यार्थी द्वारा वायरल करना बताया जा रहा है। मामले में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के पास शिकायत जरूर पहुंची है, लेकिन अधिकारियों के पास पेपर लीक को लेकर कोई प्रमाण नहीं मिले हैं। फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन ने जांच करने का आश्वासन दिया है।
एमबीए चौथे सेमेस्टर की विभिन्न परीक्षाएं 19 जुलाई से 2 अगस्त तक चली। 31 जुलाई को फाइनेंस डेरीवेटिव्स एंड रिस्क मैनेजमेंट की परीक्षा हुई। सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक पेपर हुआ। मगर निजी कालेज में पढ़ने वाले एक विद्यार्थी ने 10.52 पर पेपर वाट्सएप के माध्यम से कुछ ग्रुप में वायरल कर दिया। पेपर आउट होने के बारे में परीक्षा केंद्र को जानकारी थी, लेकिन उन्होंने विश्वविद्यालय को नहीं बताया। परीक्षा होने के तीन दिन बाद पेपर लीक होने की बात सामने आई है। कुछ विद्यार्थियों ने गोपनीय तरीके से विश्वविद्यालय के अधिकारियों को पेपर वाट्सएप पर आने के बारे बताया।

पेपर लीक होने की शिकायत मिली है
परीक्षा नियंत्रक डा. अशेष तिवारी का कहना है कि पेपर लीक होने की शिकायत मिली है, मगर शिकायकर्ता ने पेपर आउट होने को लेकर कोई प्रमाण नहीं दिए हैं। इस मामले में वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की जाएगी। साथ ही सारे परीक्षा केंद्रों से इस बारे में पूछा जाएगा।

प्राध्यापक ने किया था आउट
बीकाम प्रथम वर्ष का पेपर आउट हुआ था। विश्वविद्यालय ने जून के अंतिम सप्ताह में साइबर सेल को शिकायत की। जांच के बाद सामने आया कि पेपर लीक में निजी कालेज के एक प्राध्यापक की भूमिका रही। प्राध्यापक ने 12 घंटे पहले पेपर का फोटो खींचकर एक विद्यार्थी को दिया था। उसके बाद छात्र ने कई वाट्सएप ग्रुप पर पेपर को भेजा था। पुलिस ने प्राध्यापक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया था। बाद में विश्वविद्यालय को दोबारा पेपर करवाना पड़ा था।

- Advertisement -
Exit mobile version