पुलिस ने सीसीटीवी की जांच की तो एक वाहन पर आरोपित भागते नजर आए।एक शराब दुकान के सेल्समैन को सरेराह चाकू मारकर लूट लिया गया। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों से चाकू, बाइक और कैश बरामद हुआ है। बदमाशों से अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ चल रही है। घटना गुरुवार रात करीब 12:30 बजे तिल्लौर बुजुर्ग व पिपल्दा के मध्य की है। तिल्लौर खुर्द स्थित शराब दुकान का सेल्समैन दिलीप जायसवाल रुपये लेकर बाइक से जा रहा था।
बाइक पर आए दो बदमाशों ने दिलीप पर चाकू और डंडे से हमला कर दिया। दिलीप के सीने पर चाकू से वार किया और 20 हजार रुपये नकद लूट लिए। टीआइ अजय गुर्जर के मुताबिक घटना स्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज निकाले तो एमपी 09क्यूआर7892 वाहन पर दोनों आरोपित भागते हुए नजर आ गए। शनिवार रात पुलिस ने फुटेज से मिले हुलिए के आधार पर मूसाखेड़ी से आरोपित अंकुर ठाकुर और शुभम को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों से लूट में प्रयुक्त बाइक,नकदी और चाकू जब्त कर लिया गया है।
