साथ रह रहे युवक को महिला ने जलाया, मौत, हत्‍या का केस दर्ज, आरोपित गिरफ्तार

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

मृत्यु पूर्व युवक ने बयान दिया था कि आरोपित महिला ने उसे पेट्रोल डालकर जलाया है। बालगढ़ क्षेत्र में एक महिला के साथ रह रहे राजस्थान के युवक की जलने से मौत हो गई। युवक के मृत्यु पूर्व दिए गए बयान के आधार पर पुलिस ने महिला के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार घटना 8 मार्च को हुई थी। बालगढ़ क्षेत्र में अपने पति को छोड़कर रह रही विवाहित महिला ने राजस्थान के मेड़ता सिटी निवासी गौरव जैन को साथ रखा था।

पुलिस के अनुसार गौरव कुछ समय पहले देवास आया था और आरोपित ज्योति बामनिया के संपर्क में आया था। दोनों के बीच जान-पहचान बढ़ी और गौरव महिला के घर में ही रहने लगा।बाद में दोनों के बीच किसी बात पर झगड़ा होने लगा। युवक ने पूर्व में आत्महत्या करने का प्रयास भी किया था। 8 मार्च को युवक बुरी तरह जलने के बाद अस्पताल लाया गया था। युवक को गंभीर हालत में इंदौर रैफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृत्यु पूर्व उसने बयान दिया था कि आरोपित महिला ने उसे पेट्रोल डालकर जलाया है। इस आधार पर पुलिस ने महिला के खिलाफ शनिवार को हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

Exit mobile version