- बाणगंगा क्षेत्र में शासकीय कन्या स्कूल की छात्राओं को आने-जाने में हो रही थी परेशानी।
नगर निगम की रिमूवल टीम ने रविवार को कार्रवाई करते हुए बाणगंगा क्षेत्र में शासकीय कन्या स्कूल के गेट से लगकर सरकारी जमीन पर कब्जा कर बनाई दुकान जमींदोज कर दी। दुकानदार प्रदीप यहां पान की दुकान चला रहा था। इस दुकान की वजह से छात्राओं को स्कूल आने-जाने में दिक्कत हो रही थी।
गौरतलब है कि नगर निगम ने पूर्व में भी शासकीय कन्या विद्यालय के प्रवेश मार्ग में बाधक तथा शासकीय भूमि पर अवैध तरीके से किए गए निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की थी, लेकिन उसी जगह पर पक्का निर्माण कर लिया गया था। कार्रवाई के दौरान उपायुक्त लता अग्रवाल, भवन अधिकारी देवकीनंदन वर्मा, अश्विनी जनवदे, सहायक रिमूवल अधिकारी बबलू कल्याणे मौजूद थे।
